पंचायती फरमान: मर्डर आरोपियों के परिवार का हुक्का पानी बंद, इस फैसले से जघन्य अपराधों में आएगी कमी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अब्दूल वाजिद। मुरादाबाद में 10 मई को हुई एक युवक की हत्या के मामले में इलाके के सैकड़ों लोगों ने इकट्ठा हो कर एक पंचायत की। जिसमें आरोपियों के परिवार का सामाजिक बहिष्कार का ऐलान करते हुए आरोपियों और उनके माता-पिता का हुक्का पानी बंद करने का सामूहिक फैसला लिया गया। पंचों ने चेतावनी दी की अगर हत्या आरोपी से कोई व्यक्ति सम्बन्ध रखेगा तो उसका भी सामाजिक बहिष्कार किया जायेगा। लोगों का कहना था की इस तरह के फैसले से अपराध करने वालों को सबक मिलेगा और हत्या जैसे जघन्य अपराधों में कमी आएगी। 


      
नागफनी थाना इलाके के मोहल्ला चौकी हसन खान में नियारियान बिरादरी की एक पंचायत सोसाइटी नियारियान कम्युनिटी सेंटर में बीती रात हुई, जिसमें समस्त नियारियांन बिरादरी एवं शहर के उलेमाएदीन और संभ्रांत नागरिकों सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए। धर्म गुरुओं और उलेमा की मौजूदगी में इस महत्वपूर्ण बैठक में 10 मई 2024 को एक शादी समारोह में मामूली बात पर सलाउद्दीन नाम के युवक की हुई हत्या के मामले में जेल गये तीन आरोपियों समीर पुत्र सिटी उर्फ़ सोहराब, अहद और असहाब के परिवार का सामाजिक बहिष्कार करते हुए बिरादरी में उनका हुक्का पानी बंद कर उनके परिवारों से कोई सम्बन्ध न रखने का फैसला लिया गया। साथ ही यह भी कहा गया की अगर कोई व्यक्ति इन आरोपियों या उनके परिवार से किसी प्रकार का सम्बन्ध या लेनदेन रखेगा तो उसका भी बहिष्कार किया जायेगा।

पंचायत में बड़ी संख्या में नौजवान, बुज़ुर्ग और बिरादरी के सभ्रांत व्यक्ति शामिल हुए लोगों का कहना था कि यह पहली घटना है, जब नियारियान बिरादरी के किसी व्यक्ति ने नियारियान बिरादरी के दूसरे व्यक्ति की हत्या की है। इसलिए यह कदम उठाना बहुत ज़रूरी है। ताकि भविष्य में कोई और हत्या करने की हिम्मत न जुटा सके।  

आपको बता दें की 10 मई को सलाहउद्दीन नाम के युवक की हत्या कर दी गयी थी, जिसके आरोप में पुलिस ने नामज़द आरोपी समीर और आहद को पुलिस ने अगले ही दिन गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था और बाद में असहाब नाम के आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। तीनों आरोपी अभी जेल में हैं। इस बीच बिरादरी के लोगों ने पंचायत कर आरोपियों और उनका साथ देने वाले उनके परिवार के लोगो का हुक्का पानी बंद कर सामाजिक बहिष्कार करने का पंचायत में फैसला सुनाया है। 

आयोजित बैठक में लोगों ने अपने-अपने विचार रखे और पीड़ित परिवार से हमदर्दी जताते हुए आरोपियों का साथ न देने का निर्णय लिया है। पंचायत में सभी लोगो ने हाथ उठाकर समर्थन किया और एक हलफनामे पर लोगो से दस्तखत भी कराए गये। वक्ताओं द्वारा कहा गया कि हमें अपने बच्चों को समझा बुझाकर रखना चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की कोई वारदात न हो सके। पंचायत में बच्चों को जुए और नशे की गलत आदत से भी दूर रखने के लिए हिदायत दी गई।

ये भी पढ़ें- मुरादाबाद : पेट्रोल डालकर युवती को जिंदा जलाने की कोशिश, अस्पताल ले गई पुलिस...पिता-भाई समेत छह लोगों को किया नामजद

संबंधित समाचार