Jalaun में दिल दहला देने वाला हुआ हादसा...आग लगने से छह साल के बच्चे की जिंदा जलकर मौत, बच्ची गंभीर
जालौन में झोपड़ी में आग से छह वर्ष का बच्चा जिंदा जला
जालौन, अमृत विचार। जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दहगुवां में शनिवार को दिल दहलाने वाला हादसा हो गया। यहां एक झोपड़ी में आग लगने से एक छह वर्ष का बच्चा जिंदा जल गया। जबकि आठ वर्ष की बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई। झुलसी बच्ची को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए उच्च संस्थान के लिए रेफर कर दिया है। आगजनी की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीएम, सीओ, कोतवाल शहर लेखपाल ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया है।
जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दहगुवां निवासी लोकेंद्र सिंह का एक हाता है, जिसमें आदिवासी मजदूर परमाल सिंह पुत्र प्रताप सिंह निवासी ग्वालियर अपने परिवार के साथ एक झोपड़ी बनाकर रह रहा था। शनिवार को जब परमाल सिंह मजदूरी के लिए चला गया तो झोपड़ी में सुबह करीब 11:30 बजे आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
इस दौरान झोपड़ी में सो रहे 6 वर्षीय दीपक पुत्र परमाल की आग में जलने से मौत हो गई तथा परमाल की 8 वर्षीय पुत्री निशा गंभीर रूप से जल गई। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए उसे उच्च संस्थान के लिए रेफर कर दिया।
सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीम अतुल कुमार, सीओ राम सिंह, कोतवाल विमलेश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा पीड़ित को तत्काल उपचार के लिए रेफर करवाया।
मां के सामने जल गया बच्चा
आगजनी के समय परमाल सिंह की पत्नी और 4 बच्चे झोपड़ी में थे, आग लगते ही एक 6 महीने की बच्ची और एक बच्चे को लेकर मां झोपड़ी से बाहर भाग गई तथा उन्हें सुरक्षित स्थान पर छोड़कर झोपड़ी में सो रहे पुत्र व पुत्री को लेने के लिए दौड़ी लेकिन तबतक आग विकराल हो गई, जिससे मां झोपड़ी के अंदर नहीं जा सकी और एक 6 वर्षीय लड़का की जल कर मौत हो गई जबकि 8 वर्षीय लड़की बुरी तरह से जल गई।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: पोस्टमार्टम हाउस शवों से पटा...गश खाकर गिरे डॉक्टर, प्रभारी भी बीमार, जिलाधिकारी से रैन बसेरा की मांग
