पीलीभीत: गैंगस्टर एक्ट के आरोपी की 15 लाख की संपत्ति कुर्क, मकान में जड़ा ताला...मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कार्रवाई 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार: शासन-प्रशासन की सख्ती के बाद अपराधियों की आर्थिक रुप से कमजोर करने को चल रही कार्रवाई बरकरार है। बाइक चोरी और अन्य अपराधों में संलिप्त एक और गैंगस्टर पर शिकंजा कसा गया। 

गैंगस्टर एक्ट के आरोपी का न्यूरिया के गांव महचंदी गौटिया उर्फ महचंदी गौटिया में बनाए गए मकान समेत 15 लाख रुपये से अधिक की अर्जित की गई संपत्ति सुनगढ़ी पुलिस ने कुर्क की। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मुनादी कराते हुए मकान को सील कर दिया गया। उस पर कुर्की कार्रवाई के  पोस्टर चस्पा करा दिए गए। वहीं यह भी अनाउंसमेंट किया गया कि यह मकान कुर्क कर लिया गया है। अब इसकी खरीद व बिक्री नहीं की जाएगी। इसमें कोई प्रवेश भी न करे।  

बता दें कि थाना न्यूरिया क्षेत्र के ग्राम महचंदी निवासी प्रमोद पाल पुलिस रिकार्ड में शातिर अपराधी है। उस पर वाहन चोरी के अलावा अन्य मुकदमे कोतवाली और न्यूरिया थाने में दर्ज हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ वर्ष 2023 में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली की ओर से सदर कोतवाली में दर्ज किया था। मुकदमे की विवेचना प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी  द्वारा की जा रही थी। 

विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी के द्वारा 15 लाख सात हजार सात सौ रुपये कीमत का एक मकान गांव महचंदी में है,जिसका नव निर्माण कराया गया है। चूंकि उसके पास आय का कोई अन्य स्त्रोत नहीं है। इसलिए आरोपी ने बाइक चोरी की अर्जित आय से ही उक्त मकान का निर्माण किया है। सुनगढ़ी पुलिस ने अपनी पूरी रिपोर्ट बनाकर पुलिस अधीक्षक के माध्यम से जिला मजिस्ट्रेट को भेजी थी।

जिला मजिस्ट्रेट ने पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी की संपत्ति कुर्क करने का आदेश 29 मई को दिया। शनिवार को एसडीएम अमरिया अजीत प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी पवन कुमार पांडेय,प्रभारी निरीक्षक न्यूरिया प्रदीप कुमार विश्नोई पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और आरोपी के मकान को कुर्क कर लिया। इसका नोटिस भी चस्पा किया।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: नहर में मिला बाघ का सड़ा गला शव, डीएफओ ने पहुंचकर की पड़ताल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार 

संबंधित समाचार