अमरोहा में दर्दनाक हादसा, ट्रक की टक्कर से दंपति समेत तीन की मौत, बाइक पर सवार होकर तेहरवीं में जा रहे थे परिजन
अमरोहा। बाइक पर सवार होकर तेहरवीं में शामिल होने जा रहे दंपति और उनकी बेटी की उस समय मौत हो गई जब ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उनका चार वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव हथियाखेड़ा निवासी नरोत्तम सिंह (35) सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे अपनी पत्नी अंकुश देवी (33), दो वर्षीय बेटी कोमल व चार साल के बेटे प्रिंस के साथ बाइक पर सवार होकर गांव उकावली जा रहे थे। उकावली में नरोत्तम की ससुराल है। 10 दिन पहले उनके ससुर का निधन हो गया था। सोमवार को उनकी तेहरवीं थी। इसमें शामिल होने के लिए नरोत्तम सिंह पत्नी और बच्चों को लेकर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक रहरा मार्ग पर गांव गंगवार के पास पहुंची तो सामने से आ रहे ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी।
हादसे में कोमल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नरोत्तम सिंह, उनकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दंपति को हायर सेंटर रेफर कर दिया। मेरठ ले जाते समय पति और पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि हादसे में पति-पत्नी सहित तीन लोगों की मौत हुई है।
ये भी पढ़ें : अमरोहा: ड्रग इंस्पेक्टर और बृजघाट चौकी प्रभारी ने 2500 नशीले इंजेक्शन पकड़े
