अमरोहा: ड्रग इंस्पेक्टर और बृजघाट चौकी प्रभारी ने 2500 नशीले इंजेक्शन पकड़े

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गजरौला (अमरोहा), अमृत विचार : गजरौला क्षेत्र में नशीली दवाओं का अवैध कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन नशीले इंजेक्शन पकड़े जा रहे हैं। पिछले माह गजरौला में एक घर से नशीली दवा बनाने का जखीरा पकड़ा गया था।

अब बृजघाट पुलिस चौकी क्षेत्र में रविवार को जिला औषधि निरीक्षक व पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी करते हुए एक कार से नशीले इंजेक्शन का जखीरा पकड़ा है। हालांकि मौके से आरोपी भागने में सफल रहे, जिनकी संख्या दो बताई जाती है। औषधि विभाग व पुलिस प्रशासन ने अपने स्तर से मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है।

जानकारी के अनुसार औषधि निरीक्षक रूचि बंसल व ब्रजघाट चौकी इंचार्ज नितेन्द्र विशिष्ठ ने संयुक्त रूप से गांव दरियापुर खादर स्थित छापेमारी की। बताते हैं कि बांध किनारे स्थित इस गांव में एक ईको गाड़ी में नशीली दवाएं लोड की जा रही थीं। टीम को देखकर मौके से दो आरोपी भागने में सफल रहे। फिलहाल पुलिस ने गाड़ी व उसमें भरे इंजेक्शनों को कब्जे में ले लिया है।

इंजेक्शनों की संख्या लगभग 2500 है। जिनकी कीमत करीब 62 हजार रुपये बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने ईको को सीज की कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि एक आरोपी का आधार कार्ड मिला है, जिसकी तलाश की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक हरीश वर्धन ने बताया कि मामले में एक आरोपी का आधार कार्ड मिला है। उसके अनुसार जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- अमरोहा: सीनियर पीसीएस अधिकारी के खाने में निकली हड्डी, हवेली होटल कराया सील

संबंधित समाचार