रामविलास की लोक जनशक्ति पार्टी के नेता ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस महानिदेशक को भेजी चिट्ठी
जौनपुर, अमृत विचार। जिले के केराकत कोतवाली थाना क्षेत्र के मौजूदा कोतवाल दिलीप कुमार सिंह और इसी थाना क्षेत्र की थानागद्दी पुलिस चौकी के वर्तमान प्रभारी विद्यासागर सिंह पर एक दलाल को पोषित करने और उसी के इशारे पर काम करने का गंभीर आरोप है। स्वर्गीय रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी के युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने पुलिस महानिदेशक से दोनों पुलिस अधिकारियों की शिकायत की है। उन्होंने कोतवाल और चौकी प्रभारी की गोपनीय जांच कराकर समुचित कार्रवाई की मांग की है।
जिलाध्यक्ष की शिकायत है कि दोनों ही पुलिस अधिकारी उक्त दलाल के इशारे पर काम करते हैं। उन्होंने कुछ मामलों का जिक्र करते हुए बताया कि कोतवाल और चौकी प्रभारी ने उस दलाल के कहने पर उनकी पार्टी के तीन कार्यकर्ताओं सोहनी गांव के गौरव सिंह और भितरी गांव के अमित उर्फ सिंटू तथा अनिल सिंह को गुंडा बताकर नोटिस थमा दी है।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि दोनों ही पुलिस अधिकारी इसी प्रकार कई लोगों को नोटिस भेजकर अवैध ढंग से रूपए की वसूली कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस महानिदेशक से दोनों पुलिस अधिकारियों की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें -प्रशासनिक उपेक्षा से सुलतानपुर में लाखों की जलापूर्ति योजना ने तोड़ा दम, कई गांव प्रभावित
