अल्मोड़ा: योगदा आश्रम पहुंचे अभिनेता रजनीकांत ने महावतार गुफा में लगाया ध्यान 

अल्मोड़ा: योगदा आश्रम पहुंचे अभिनेता रजनीकांत ने महावतार गुफा में लगाया ध्यान 

अल्मोड़ा, अमृत विचार। दक्षिण भारतीय और हिंदी फिल्मों के मशहूर अभिनेता रजनीकांत प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी उत्तराखंड के बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के दर्शन कर द्वाराहाट स्थित योगदा आश्रम पहुंचे हैं। यहां पहुंचने पर आश्रम के सन्यासियों ने पुष्प गुच्छ देकर उनका भव्य स्वागत किया। 

रविवार को योगदा आश्रम पहुंचे अभिनेता रजनीकांत ने यहां पहुंचने पर आश्रम के सन्यासियों से मुलाकात की और उसके बाद आश्रम परिसर में स्थित कृष्ण मंदिर तथा ध्यानमंदिर के दर्शन किए और योगदा संन्यासियों से आध्यात्मिक चर्चा की। उन्होंने आश्रम में प्रसाद ग्रहण कर आशीर्वाद भी लिया।

सोमवार को रजनीकांत द्वाराहाट से करीब पंद्रह किमी दूर स्थित महावतार गुफा पहुंचे और उन्होंने वहां ध्यान लगाया। अभिनेता रजनीकांत पिछले कई सालों से अपनी आध्यात्मिक यात्रा के दौरान अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट स्थित योगदा आश्रम में आ चुके हैं। पिछले वर्ष वह अगस्त महीने में योगदा आश्रम आए थे।

इस बार भी वह अपनी तीन दिवसीय यात्रा के तहत यहां पहुंचे हैं। योगदा आश्रम पहुंचे रजनीकांत ने यहां के प्राकृतिक सौंदर्य की खूब प्रशंशा की। उन्होंने कहा कि यह ध्यान के लिए काफी माकूल है। रजनीकांत के यहां पहुंचने पर वरिष्ठ स्वामी नित्यानंद गिरि, आश्रम अध्यक्ष स्वामी वासुदेवानंद गिरि, अम्यानंद गिरि, स्वामी धैर्यानंद गिरि आदि ने उनका यहां स्वागत किया और उनके साथ विभिन्न आध्यात्मिक मुद्दों पर चर्चा भी की। इधर रजनीकांत के यहां पहुंचने की खबर के बाद उनके प्रशंसक भी यहां आकर उनसे मिलने का प्रयास कर रहे हैं।