मतगणना : सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 9 बजे आएगा पहला रुझान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रतापगढ़ संसदीय सीट के लिए 22 टेबल व कौशांबी ( कुंडा, बाबागंज) की 14 टेबल पर होगी मतगणना

शाम ढलने से पहले आ जाएगा चुनाव परिणाम

 प्रतापगढ़ अमृत विचार । संसदीय सीट कौशाम्बी और प्रतापगढ़ संसदीय सीट पर हुए मतदान की मतगणना चार जून मंगलवार को महुली मण्डी में होगी। मतगणना को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पहला रुझान सुबह नौ बजे आएगा। शाम होने के पहले ही मतगणना की प्रक्रिया पूरी हो जाए, इस तरह की तैयारी की गई है। मतगणना सम्बंधित सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इससे मतगणना कर्मियों के साथ ही प्रत्याशियों को भी काफी सहूलियत मिलेगी।

कौशाम्बी लोकसभा का चुनाव 20 मई एवं प्रतापगढ़ संसदीय सीट पर 25 मई को मतदान हुआ था। मतदान के बाद कौशाम्बी ( कुंडा, बाबागंज) एवं प्रतापगढ़ की ईवीएम को महुली मंडी स्थित गोदाम में जमा करा दिया गया है। मतगणना मंगलवार को होगी। मतगणना अभी तक 14 टेबल पर कराए जाने की तैयारी थी, लेकिन अब इसमें बदलाव किया गया है। अब 22 टेबल पर काउंटिंग होगी। टेबल बढ़ाए जाने के बाद गणना कार्मिकों की भी संख्या बढ़ा दी गई है। 532 गणना कर्मियों की ड्यूटी लगी थी, लेकिन टेबल बढ़ने से अब कार्मिकों को बढ़ाकर 748 कर दी गई है।

इसके अलावा करीब 100 गणना कर्मियों को रिजर्व में रखा गया है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कर्मियों का भी सहयोग लिया जाएगा। निर्वाचन अधिकारियों का दावा है कि दोपहर तीन बजे तक मतगणना पूरी हो जाएगी। सहायक अधिकारी मतदान कार्मिक एवं जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद ने बताया कि मतगणना 22 टेबल पर कराए जाने की तैयारी है। मतगणना सम्बंधित सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

मतगणना को लेकर हाईवे के वाहन डायवर्ट

 मतगणना के दिन मंगलवार को चिलबला-पट्टी मार्ग पर सामान्य यातायात पूरी तरह से ठप रहेगा। शहर से गुजरने वाले वाहनों को भी पट्टी-रानीगंज की ओर से डायवर्ट किया गया है। साथ ही सबके लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। शहर, अंतू, पट्टी, कोहंडौर की ओर से आने वाले मतगणना कार्मिक के वाहन महुली मंडी के पास एफसीआई गोदाम में पार्क होंगे।

 पट्टी की ओर से अपने वाले एजेंट के वाहन महुली नहर के पास बाग में पार्क होंगे। शहर, अंतू, कोहंडौर की ओर से आने वाले एजेंट महुली बैंक ऑफ बड़ौदा के बगल मैरिज हाल में पार्क होंगे। मीडिया कर्मियों के साथ ही पुलिस वालों के भी वाहन यहीं पार्क होंगे। एसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि मतगणना के दिन यातायात व्यवस्था सुबह 6 बजे से प्रभावी रहेगी।

इस तरह रहेगी डायवर्जन की व्यवस्था
  •  सुलतानपुर की ओर से आने वाले वाहन कोहंडौर, मदाफरपुर, पट्टी, रानीगंज से बादशाहपुर, भुपियामऊ या प्रयागराज जाएंगे।
  • प्रयागराज से आने वाले वाहन भुपियामऊ से रानीगंज, पट्टी कोहंडौर होकर सुल्तानपुर जाएंगे।
  • अमेठी की ओर से आने वाले वाहन ककरहा मोड़ से शुकुलपुर, मोहनगंज, भुपियामऊ होकर प्रयागराज या जौनपुर जाएंगे।
  • गड़वारा, बाबूगंज के वाहन भी शुकुलपुर, मोहनगंज होकर आगे जाएंगे।
  •  लालगोपालगंज, कुंडा की ओर से सुल्तानपुर जाने वाले वाहन मोहनगंज, अजगरा, लीलापुर, संडवाचंद्रिका, बिहारगंज, चिलबिला डबल फाटक होकर कोहंडौर, सुल्तानपुर जाएंगे।

ये भी पढ़ें -संगमरमर से बनेंगी राम दरबार समेत 13 मन्दिरों की मूर्तियां, टेक्नोलॉजी के जरिए दिखेगा राम मंदिर का इतिहास

 

 

संबंधित समाचार