Moradabad Election Result 2024 : मुरादाबाद में बीजेपी को झटका, सपा की रुचि वीरा ने जीत दर्ज कर रचा इतिहास...आजम खां-अखिलेश यादव का अदा किया शुक्रिया

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

मुरादाबाद। मुरादाबाद लोकसभा चुनाव की देर शाम तक चली मतगणना में इंडी गठबंधन को जीत हासिल हुई। दूसरी बार यह सीट सपा के खाते में आई है। सपा प्रत्याशी रुचि वीरा ने भाजपा के कुंवर सर्वेश (दिवंगत) को 1,05,762 मतों से हराकर पहली महिला सांसद होने का गौरव हासिल किया। बसपा के प्रत्याशी इरफान सैफी तीसरे स्थान पर रहे। 

मुरादाबाद सीट पर पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान हुआ था। पांच विधानसभा क्षेत्रों में मतदान के बाद डेढ़ महीने के इंतजार के बाद मंगलवार को मंडी समिति में सुबह 8 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में मतगणना शुरू हुई। पहले पोस्टल बैलेट की गिनती हुई। सपा प्रत्याशी रुचि वीरा ने पहले ही राउंड से बढ़त ले ली और हर राउंड में यह बढ़ता ही चला गया

। किसी भी राउंड में भाजपा या बसपा के प्रत्याशी उनको पछाड़ नहीं पाए। 30 राउंड की मतगणना के बाद सपा प्रत्याशी ने 6,37,363 वोट हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के कुंवर सर्वेश सिंह को 1,05,762 मतों से हराया। भाजपा प्रत्याशी को 5,31,601 मत हासिल हुआ। वह दूसरे नंबर रहे। बसपा के इरफान सैफी 92,313 वोट पाकर तीसरे स्थान पर आए। 

इस सीट पर कुल 12 प्रत्याशी मैदान में थे। जिसमें अपना हक पार्टी के अजय यादव, भारतीय बहुजन समता पार्टी के ओंकार सिंह, राष्ट्रीय कांग्रेस (जे) पार्टी के गंगाराम शर्मा, समता पार्टी के शकील अहमद, सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर आफ इंडिया के हर किशोर सिंह, निर्दलीय अमरजीत सिंह जाटव, मोहम्मद जमशेद, मुशर्रत हुसैन और साधना सिंह शामिल हैं। आखिरी राउंड की मतगणना पूरा होने के बाद सपा प्रत्याशी रुचि वीरा के जीत की घोषणा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी मानवेंद्र सिंह ने रुचि वीरा को जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया।

ये भी पढ़ें : Moradabad Election Results 2024 LIVE : मुरादाबाद को मिली पहली महिला सांसद रुचि वीरा, नगीना लोकसभा सीट से चंद्रशेखर आजाद जीते

 

संबंधित समाचार