फूलपुर से लगातार दूसरी बार भाजपा ने फतेह किया किला, कांटे की लड़ाई में प्रवीण जीते
फूलपुर विधानसभा से तीन बार विधायक रहने के बाद अब जनता ने उन्हें अपना सांसद चुना
झूंसी, प्रयागराज, अमृत विचार। फूलपुर लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी ने लगातार दूसरी दफे जीत का परचम लहराया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में केशरी देवी पटेल को यहां की जनता ने प्रचंड बहुमत के साथ संसद भवन भेजा था। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में यहां के वर्तमान विधायक प्रवीण पटेल ने जीत दर्ज की। उनकी जीत का अंतर बेहद कम रहा। उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अमरनाथ मौर्य को 4784 मतों से शिकस्त दी है।
प्रवीण पटेल फूलपुर विधानसभा से तीन बार विधायक रह चुके हैं। पहली दफे 2007 में उन्हें यहां की जनता ने बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर अपना विधायक चुनाव था। इसके बाद 2017 और 2022 में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर वह विधायक चुने गए। अब जनता ने उन्हें लखनऊ विधानसभा से सीधे दिल्ली के संसद भवन भेजा है। फूलपुर की जनता से उन्हें काफी अपेक्षाएं हैं।
फूलपुर लोकसभा से महज 4784 मतों के अंतर से जीत दर्ज करने वाले भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पटेल सियासत में खुद को स्थापित कर चुके हैं। प्रवीण पटेल को 451380 लाख वोट जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अमरनाथ मौर्य को 446596 लाख मत मिले। प्रवीण पटेल के पिता विधायक महेंद्र पटेल भी विधायक रहे चुके हैं। प्रवीण के पिता महेंद्र सिंह पटेल तीन बार विधायक रहे थे। प्रवीण पटेल का सियासी सफर काफी लंबा है। उनके पिता झूंसी विधानसभा में कांग्रेस के टिकट पर 1984 में पहली बार विधायक बने।
इसके बाद 1989, 1991 में वह जनता दल के टिकट पर इसी सीट से विधायक चुने गए। प्रवीण पटेल ने फूलपुर विधानसभा को अपना कर्मक्षेत्र बनाया। बसपा के टिकट पर पहली बार 2007 में विधायक बने। 2017 विधानसभा चुनाव के पूर्व उन्होंने भाजपा ज्वाइन की और निर्वाचित हुए। 2022 में भी भाजपा के टिकट पर उन्होंने फूलपुर का किला दोबारा फतेह किया और लखनऊ विधानसभा में पहुंचे। अब यहां की जनता ने उन्हें अपना सांसद चुना है। जीत दर्ज करने के बाद प्रवीण पटेल ने कहा कि फूलपुर लोकसभा की जनता ने उनके ऊपर भरोसा जताया है। इस भरोसे को वह कभी टूटने नहीं देंगे। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में फूलपुर लोकसभा का चौतरफा विकास होगा। उनकी प्राथमिकता में फूलपुर लोकसभा क्षेत्र में एक बड़ा अस्पताल स्थापित करना है।
केशरी देवी के नाम है सर्वाधिक वोट पाने का रिकॉर्ड
फूलपुर में सर्वाधिक मत पाने का रिकॉर्ड निवर्तमान सांसद केशरी देवी पटेल के पास ही है। उसके पहले यह रिकॉर्ड डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के नाम था। 2014 के चुनाव में पहली बार केशव मौर्य ने पांच लाख का आंकड़ा पार करते हुए तीन लाख से ज्यादा मतों से सपा प्रत्याशी धर्मराज पटेल को शिकस्त दी थी। इसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में वर्तमान सांसद केशरी देवी पटेल ने 5.44 लाख मत हासिल किए। उनके मुकाबले केशव को वर्ष 2014 में 5.03 लाख ही मत मिले थे।
प्रवीण की जीत पर समर्थकों ने मनाया जश्न, बांटी मिठाई
भाजपा के टिकट पर लगातार दो दफे फूलपुर विधानसभा से विधायक बनने के बाद अब प्रवीण पटेल फूलपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बन गए हैं। उनकी जीत पर समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने देर रात तक जश्न मनाया। मुंडेरा स्थित मतगणना स्थल से जीत का प्रमाण पत्र लेने के बाद रात तकरीबन नौ बजे प्रवीण पटेल अपने समर्थकों के साथ झूंसी के अंदावा स्थित कार्यालय पहुंचे।
यहां पर पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों व पदाधिकारियों ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। साथ ही जमकर पटाखो भी फोड़े। पत्नी गोल्डी पटेल ने सबसे पहले माला पहनाकर उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। इस मौके पर भाजपा गंगापार अध्यक्ष कविता पटेल, अनिरुद्ध पटेल, ब्लाक प्रमुख अरुणेंद्र यादव डब्बू,शशांक मिश्र, आशीष केसरवानी, राजेश प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
