पुलिस मुठभेड़ : अपहरण के मामले फरार आरोपी के पैर पर गोली मार किया गिरफ्तार
अमृत विचार, अमेठी। थाना जायस पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रुप से अपहरण के मामले में वांछित युवक को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने पकड़े गये युवक के कब्जे से एक तमंचा,एक जिन्दा कारतूस,एक खोखा कारतूस के साथ ही बिना नम्बर की बाइक बरामद की है। पुलिस ने पकड़े गये युवक को जेल भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के गांव पूरे बख्शी निवासी नूर हसन पुत्र मोहम्मद नजीर को तीन ज्ञात व चार पांच अज्ञात कार सवार व्यक्तियों द्वारा अपहृत कर लिया गया था। थाना जायस पुलिस द्वारा अपहृत नूर हसन को दो घण्टे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया गया था और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भी भेज चुकी है। उक्त घटना में शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के क्रम में मंगलवार को थाना जायस के प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सिंह मय हमराही व उप निरीक्षक प्रदीप कुमार मिश्र, संकठा प्रसाद मौर्य के साथ ही स्वाट टीम प्रभारी अखिलेश गुप्ता व सर्विलांस टीम प्रभारी उमेश मिश्रा मय हमराही वांछित आरोपियों की तलाश करे हुये नौगजी चौराहे पर पहुंचे थे ।
तभी मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि उक्त घटना से संबन्धित एक व्यक्ति अपाचे मोटर साइकिल से नसीराबाद की तरफ से जायस कस्बे की तरफ आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा नसीराबाद रोड रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचकर मोटरसाइकिल के आने का इन्त इंतजार करने लगे तभी नसीराबाद की तरफ से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी पास आने पर बाइक सवार को पुलिस टीम द्वारा रूकने का इशारा किया गया तो युवक बाइक छोड़कर भागने लगा।पुलिस टीम द्वारा पुन: रोकने का प्रयास किया गया तो उक्त व्यक्ति द्वारा जान से मारने की नियत से पुलिस टीम पर फायर कर दिया।पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ फायर करने पर युवक के पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर गया।
पुलिस टीम द्वारा उसको पकड़कर तलाशी लेने पर कब्जे से एक तमंचा,एक जिन्दा कारतूस व एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस टीम द्वारा नाम व पता पूंछने पर अपना नाम मोहम्मद आजिम पुत्र दिलशेर निवासी कजियाना थाना जायस जनपद अमेठी उम्र करीब सत्ताइस वर्ष बताया। घायल युवक को इलाज हेतु पुलिस टीम द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया। इस सम्बंध में कोतवाली प्रभारी रवि कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार अपहरण के मामले में वांछित युवक को जेल भेज दिया गया है और वाहन को एमवी एक्ट में सीजकर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने उक्त सराहनीय कार्य के लिये पुलिस टीम को बीस हजार रूपये नगद पुरस्कार की घोषणा की है।
