Bareilly News: बिजली कटौती पर फूटा व्यापारियों का गुस्सा, अफसरों को घेरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर से लेकर देहात तक हो रही अघोषित बिजली कटौती के विरोध में बुधवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। 

व्यापारी नेताओं ने सर्किट हाउस के सामने मुख्य अभियंता कार्यालय पर विरोध जताया और अधिकारियों को कार्यालय से बाहर बुलाकर वार्ता की। एक सप्ताह में आपूर्ति व्यवस्था में सुधार न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। अधिकारियों ने जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने बिजली विभाग के अधिकारियों का घेराव किया। मुख्य अभियंता कार्यालय में विरोध प्रदर्शन करने के बाद व्यापारियों ने अधिकारियों को ज्ञापन देकर बताया कि जिले में लाइनों की स्थिति खराब है। पुराने जर्जर तारों पर अत्यधिक लोड डाला जा रहा है। इस वजह से फाल्ट हो रहे हैं। इन तारों को बदला जाए। कई क्षेत्रों में 11 हजार लाइन के भूमिगत फीडर बने हुए हैं लेकिन उन्हें चालू नहीं किया गया है। गर्मी में ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। उनमें मानक के अनुसार तेल भरा जाए। आरोप लगाया कि लोड कम करने के लिए कटौती की जा रही है।

व्यापारियों ने बताया कि ट्रांसफार्मर पर लगने वाली सिटी जो लोड पढ़ने पर ऑटोमेटिक कट करती है, वे अधिकांश खराब हैं। फाल्ट ठीक करने के नाम पर कर्मचारियों पर वसूली करने का भी आरोप लगाया।

सुभाष नगर और बदायूं रोड पर लगातार कनेक्शन दिए जा रहे हैं, लेकिन ट्रांसफार्मर का लोड नहीं बढ़ाया जा रहा है। जिससे ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने से बिजली कटौती की जा रही है। मोहल्ला शाहबाद स्थित दीवान खाना चौक में रखे हुए ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि कराने की मांग की। वहीं जगतपुर उपकेंद्र के पोल 29 पर रखे ट्रांसफार्मर की 6 माह पहले अंडरग्राउंड केबल खराब होने पर लाइन रोहली टोला फीडर से जोड़ दी गई। 

अब केबल सही हो चुकी है लेकिन उसे चक चुंगी फीड पर नहीं जोड़ा जा रहा है। इससे रोहली टोला फीडर ओवरलोड है। किला के मोहल्ला बानखाने में लीड रोज टूटने से बिजली कटौती हो रही है। इस दौरान महानगर अध्यक्ष राजेन्द्र गुप्ता, महानगर महामंत्री राजेश जसोरिया, महानगर कोषाध्यक्ष संजीव चांदना, संयोजक रवि अरोड़ा, सह संयोजक मोहसिन आलम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दुर्गेश खटवानी ,मनमोहन सब्बरवाल ,राव वीरेंद्र अग्रवाल, मथुरा प्रसाद, नरोत्तम आर्य, निरंजन ,अनिल गुप्ता, निखिल गोयल, तरुण अग्रवाल, नासिर आदि मौजूद रहे।

शहर अभियंता से बोले- एसी छोड़कर निरीक्षण कीजिए
सर्किट हाउस के सामने मुख्य अभियंता कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन करने के बाद व्यापारियों ने कहा कि मुख्य अभियंता को कार्यालय से बाहर बुलाकर ही वार्ता होगी। मुख्य अभियंता रणविजय सिंह के साथ शहरी और ग्रामीण अधीक्षण अभियंता के साथ अधिशासी अभियंता भी व्यापारियों की बात सुनने आए। 

व्यापारियों ने शहरी क्षेत्र के अधीक्षण अभियंता से कहा कि आप तो रिटायर होने वाले हैं, लेकिन शहर को बेड़ा गर्ग मत कीजिए, कभी एसी रूम से बाहर निकलकर निरीक्षण भी कीजिए। व्यापारियों ने आरोप लगाए कि सरकार ने बिजली सुधार के नाम पर करोड़ों रुपये विभाग को दिए, लेकिन अधिकारी उसमें गोलमाल कर गए। सुभाषनगर और कुतुबखाना के अवर अभियंता के फोन नहीं उठाने पर भी व्यापारियों ने नाराजगी जताई।

ये भी पढे़ं- Bareilly News: नीरज मौर्य की चुनावी नैया पार लगाने में शेखूपुर के मतदाताओं ने निभाई अहम भूमिका

 

 

संबंधित समाचार