बरेली: आला हजरत, ताजुश्शरिया संस्था के सहयोग से कोचिंग करने वाले 7 छात्रों ने पास की नीट की परीक्षा
बरेली, अमृत विचार: आला हजरत, हुजूर ताजुश्शरिया वेफलेयर सोसायटी, जिन विद्यार्थियों का डॉक्टर बनने का ख्वाब तामीर करने में मददगार बनी है। उनमें सात स्टूडेंट्स ने नीट की परीक्षा क्वलिफाई कर ली है। सोसायटी के सहयोग से कई विद्यार्थी नीट की तैयारी कर रहे थे। बरेली के जनकपुरी स्थित एक कोचिंग संस्थान में इन्हें निश्शुल्क तैयारी कराई गई। दरगाह आला हजरत के संगठन जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरहमान हसन खान ने जरूरतमंद विद्यार्थियों को तैयारी कराने की दिशा में ये मुहिम छेड़ रखी है।
आला हजरत और ताजुश्शरिया की दरगाह से जुड़ी ये सोसायटी नीट की कोचिंग के साथ विद्यार्थियों को निश्शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण और दूसरी तैयारी कराने में भी सहयोग कर रही है। सोसायटी के फरमान हसन खान बताते हैं कि उनका संगठन जाति-मजहब से ऊपर उठके, सर्व-समाज के विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए काम कर रहा है। मेडिकल कैंप भी लगाए जाते हैं, उनमें सभी जरूरतमंदों के उपचार का प्रयास किया जाता है।
फरमान हसन खान के मुताबिक, हम ऐसे बच्चों को चुनते हैं, जो पढ़ने में मेधावी हैं। लेकिन आर्थिक तंगी के कारण वे अच्छी कोचिंग लेने में असमर्थ हैं। उन विद्यार्थियों को कोचिंग दिलाते हैं। शुरुआती परिणाम अच्छा है। फरमान हसन खान, दरगाह ताजुश्शरिया के सज्जादानशीन मुफ्ती असजद रजा कादरी-असजद मियां के दामाद हैं। वह ताजुश्शरिया के शिक्षा के मिशन को आगे बढ़ाने की कोशिश में लगे हैं।
कोचिंग के निदेशक सैय्यद जसीम के मुताबिक, संस्था की ओर से जिन विद्यार्थियों ने नीट में सफलता प्राप्त की है। उसमें शामिल फैजान ने 620, देवेंद्र कुमार ने 651, दिव्यांश ने 580, फैजान 588, मोइन खान ने 532, सीमा ने 528, अब्दुल्ला ने 552 अंकों के साथ परीक्षा पास की है। डॉ. मेंहदी हसन के अलावा संस्था के नवाब अरशद हसन खां, जुल्फिकार अहमद, जफर बेग, साजिद अली, शमीम अहमद, राशिद अली, समरान खान, मोईन खान, शहाबुद्दीन रज़वी, साकिब अली, नवेद खान, आदि ने सफल विद्यार्थियों को मुबारकबाद दी है।
यह भी पढ़ें- बरेली: BDA का चला बुलडोजर, 21 हजार वर्ग मीटर में बन रहीं तीन अवैध कालोनियां ध्वस्त
