T20 World Cup 2024 : हारिस रऊफ पर लगा गेंद से छेड़छाड़ का आरोप, अमेरिकी खिलाड़ी रस्टी थेरॉन ने की जांच की मांग
डलास। अमेरिकी गेंदबाज रस्टी थेरॉन ने पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ पर टी20 विश्व कप के मैच के दौरान गेंद से छेडखानी का आरोप लगाया है। थेरोन अमेरिकी टीम का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रऊफ ने दो ओवर पुरानी गेंद पर नाखून लगाये जिससे उन्हें रिवर्स स्विंग मिलने लगी। पहले दक्षिण अफ्रीका के लिये खेल चुके 38 वर्ष के थेरोन ने इस कथित घटना पर आंख मूंदने के लिये आईसीसी को भी आड़े हाथों लिया।
उन्होंने कहा, आईसीसी , क्या हम यह दिखावा कर रहे हैं कि पाकिस्तान ने नयी बदली गई गेंद को खरोचा नहीं है। दो ओवर के बाद ही गेंद को रिवर्स स्विंग कैसे मिलने लगी। आप साफ देख सकते हैं कि हारिस रऊफ ने गेंद पर नाखून लगाया है। अमेरिका ने पाकिस्तान को सुपर ओवर में हराकर विश्व कप का पहला उलटफेर किया। रऊफ ने चार ओवर में 37 रन दे डाले।
अमेरिका से हार के बाद पाकिस्तानी टीम पर बरसे अकरम
महान तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने अमेरिका के खिलाफ सुपर ओवर में मिली हार पर पाकिस्तान की जमकर आलोचना करते हुए कहा कि अब टी20 विश्व कप के नॉकआउट चरण में जगह बनाना बाबर आजम की टीम के लिये कठिन होगा । अकरम ने स्टार स्पोटर्स से कहा ,‘‘ निराशाजनक प्रदर्शन । हार और जीत खेल का हिस्सा है लेकिन अंतिम गेंद पर लड़ना जरूरी है ।पाकिस्तान क्रिकेट के लिये यह बुरा दिन था ।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ अब पाकिस्तान को सुपर आठ चरण में जगह बनाने के लिये जूझना होगा क्योंकि अब उसे भारत (नौ जून) के बाद दो और अच्छी टीमों (आयरलैंड और कनाडा) से खेलना है ।’’
पाकिस्तान की 1992 विश्व कप जीत के नायक ने कहा कि मैच का निर्णायक मोड़ अमेरिका को शुरूआती विकेट मिलना था । उन्होंने कहा ,‘‘ मैच का निर्णायक मोड़ यही था कि अमेरिका ने शुरूआती विकेट चटकाये । पाकिस्तान के लिये बाबर और शादाब ने छोटी सी साझेदारी की लेकिन उनके अलावा कोई नहीं चला । फील्डिंग बहुत खराब थी । कुल मिलाकर प्रदर्शन अच्छा नहीं था ।’’ रिवर्स स्विंग के सुल्तान ने कहा ,‘‘ मुझे और पाकिस्तान के हर प्रशंसक को यकीन था कि हम अमेरिका को हरायेंगे । लेकिन सुपर ओवर में 18 रन देने के बाद उम्मीदें ध्वस्त हो गई । अमेरिका के कप्तान मोनांक पटेल ने मैच में शानदार बल्लेबाजी की और मोर्चे से अगुवाई की।
ये भी पढ़ें : पेरिस ओलंपिक से पहले प्रदर्शन में सुधार करना चाहेगी भारतीय हॉकी टीम, जानिए क्या बोले हार्दिक सिंह?
