Kanpur Crime: फर्श पर पड़ा मिला बिजली मैकेनिक का लहूलुहान शव...बदबू आने पर पड़ोसी ने साथी को दी सूचना
कानपुर में फर्श पर पड़ा मिला बिजली मैकेनिक का लहूलुहान शव
कानपुर, अमृत विचार। बर्रा थानाक्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे की फर्श पर एक बिजली मैकेनिक का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। लगभग पांच दिनों से वृद्ध को किसी ने नहीं देखा था और कमरा अंदर से बंद था। सड़ांध और बदबू आने के कारण पड़ोसी ने साथी कर्मचारी को सूचना दी। जिसके बाद उसने पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की।
बर्रा-3 में एक स्वीट हाउस के पीछे रहने वाले 65 वर्षीय श्रीचंद मंदानी बिजली में वायरिंग का काम करते थे। उनके साथी कर्मचारी नितिन ने पुलिस को बताया कि गर्मी में काम कम होने के कारण पांच दिन पहले श्रीचंद मंदानी से मुलाकात हुई थी।
बताया कि शुक्रवार को पड़ोसी राजेश घर आए और बताया कि श्रीचंद के घर से बहुत बदबू आ रही है, और वह कई दिन से दिखे भी नहीं हैं। इस पर वह तुरंत वहां पहुंचे और कमरे के पास गए तो वहां तेज दुर्गंध आ रही थी। इस पर उन लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना पर बर्रा पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आगे चाबी वाले से सेंट्रल लॉक तो खुलवा लिया लेकिन दरवाजा नहीं टूटा। इसके बाद पुलिस पीछे से जिंगला काटकर अंदर घुसी और दरवाजा खोला। जहां श्री चंद मंदानी का शव कमरे में दरवाजे के पास लहूलुहान अवस्था में पड़ा था और तेज दुर्गंध आ रही थी।
कमरे का पंखा फोरेंसिक को चलते हुए मिला। फोरेंसिक टीम ने मौके मुआयना में बताया कि शव तकरीबन तीन से चार दिन पुराना है। इस संबंध में बर्रा थाना प्रभारी का कहना है, कि वृद्ध की मौत हार्टअटैक या गर्मी के कारण प्रतीत हो रहा है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक के भाई लखनऊ में रहते हैं, उन्हें जानकारी दे दी गई है।
ये भी पढ़ें- Kanpur Accident: पति की अस्थियां विसर्जित करने जा रही पत्नी को कार ने रौंदा...मौत, घटना के बाद चालक कार लेकर फरार
