दारोगा के दुर्व्यवहार से आक्रोशित बिजली कर्मियों ने किया कार्य बहिष्कार, कई घंटे ठप रही आपूर्ति 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नवाबगंज/ गोंडा, अमृत विचार। बिजली खराबी दूर करने गए बिजली कर्मियों को नवाबगंज थाने के एसएसआई ने गाली देकर भगा दिया। एसएसआई की करतूत से आहत बिजली कर्मियों ने कार्य बहिष्कार का ऐलान कर दिया और उपखंड कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। नाराज बिजलीकर्मियों ने एसएसआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की‌। अधिकारियों ने किसी तरह कर्मियों को समझा बुझाकर शांत कराया। इस दौरान घंटों तक पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप रही। 

विद्युत उप केंद्र नवाबगंज पर तैनात अवर अभियंता राम अचल ने बताया कि कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास 33 केवीए विद्युत लाइन काफी दिनों से खराब थी, लेकिन चुनाव के चलते उसके मरम्मत का कार्य बंद था। अब चुनाव सम्पन्न होने के बाद शुक्रवार की सुबह टेक्निशियन व संविदा कर्मी लाइन का ब्रेक डाउन सही करने मौके पर गये थे। तभी थाने के एसएसआई त्रियुगी नारायण शर्मा ने पुलिसिया रौब झाड़ते हुए विद्युत कर्मियों को गाली देना शुरू कर दिया। संविदा कर्मियों ने जब अभद्र भाषा के प्रयोग गा विरोध किया तो तिलमिलाए एसएसआई ने मुकदमा लिख देने की धमकी देते हुएकर्मियों को वहां से भगा दिया। नाराज कर्मी उपखण्ड कार्यालय चले गए। कर्मियों ने उपकेंद्र पर एसएसआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर प्रदर्शन किया और कार्य बहिष्कार कर दिया। इस बवाल के चलते घंटों तक बिजली आपूर्ति बंद रही। उपखण्ड अधिकारी क़ो प्रार्थना पत्र देने के बाद विद्युत सप्लाई बहाल हुई। कर्मियों ने चेतावनी दी है कि जब तक एसएसआई के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी तब तक 33 केवीए का कार्य पूर्ण नहीं किया जायेगा। एसएसआई और पुलिस कर्मियों के बीच हुए विवाद का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। 

प्रदर्शन करने वालों में इस दौरान टीजीटू सौरभ श्रीवास्तव, अंकित कुमार , जनार्दन प्रसाद तिवारी, आशीष तिवारी, छोटे लाल यादव, नन्दकुमार, आशोक यादव, भरत लाल ओझा, शिव शंकर यादव, विनय यादव, भगवान दास, राम बाबू, गजेन्द्र सिह, अंनद श्रीवास्तव , मुन्ना लाल सहित दर्जनों कर्मचारी मौजूद रहे। जेई राम अचल ने बताया कि रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गयी है। लाइन मरम्मत प्रभावित होने से अगर भविष्य में कोई घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।

ये भी पढ़ें -गोंडा: इनकमिंग फीडर में खराबी से 20 घंटे तक गुल रही दो उप केंद्रों की बिजली

संबंधित समाचार