बीएड प्रवेश परीक्षा 9 जून को, सात केंद्रों पर शामिल होंगे 3412 परीक्षार्थी
प्रतापगढ़, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड को लेकर जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कैम्प कार्यालय सभागार में स्टैटिक मजिस्ट्रेट, परीक्षा केंद्र प्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ बैठक की। परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराये जाने के सम्बन्ध में आवश्यक निर्देश दिए। डीएम संजीव रंजन ने बताया कि संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड का बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी द्वारा कराया जा रहा है। प्रवेश परीक्षा नौ जून को दो पालियों में होगी।
प्रथम पाली की परीक्षा सुबह नौ से 12 और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होगी। पहली पाली में हिंदी व अंग्रेजी भाषा की परीक्षा होगी। वहीं दूसरी पाली में कला, विज्ञान वर्ग की परीक्षा संपन्न होगी। विश्वविद्यालय ने बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए सात केंद्र बनाए हैं। एमडीपीजी कॉलेज, पीबीपीजी कॉलेज सिटी में दो केंद्र, पीबी इंटर कॉलेज सिटी, राजकीय इंटर कॉलेज, केपी कॉलेज और पीजी कॉलेज पट्टी में केंद्र बनाए गए। जिसमें 3412 परीक्षार्थी सम्मिलित होगें। परीक्षा केन्द्रों पर 07 स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं 04 परीक्षा केन्द्र प्रतिनिधियों की ड्यूटी लगायी गयी है। डीएम ने बैठक में स्टैटिक मजिस्ट्रेट, परीक्षा केन्द्र के प्रतिनिधियों व प्रधानाचार्यो को निर्देशित किया कि संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड को सकुशल सम्पन्न करायें, किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं उदासीनता कदापि न बरती जाये।
अभ्यर्थियों की सघन तलाशी करायी जाये, परीक्षा केन्द्रों पर नामित अधिकारी/अध्यापक अपना आईडी कार्ड साथ में रखें। परीक्षा केन्द्रों पर सभी प्रकार की व्यवस्था पहले से ही पूर्ण कर ली जाये जिससे परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। कोषागार से प्रश्न पत्रों को समय से प्राप्त कर परीक्षा केन्द्रों पर उपलब्ध करा दिये जाये जिससे समय से परीक्षा प्रारम्भ की जा सके। परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी की निगरानी करते रहे यदि किसी भी अभ्यर्थी द्वारा नकल करते हुये पाया जाये तो आवश्यक कार्यवाही की जाये। बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी अनामिका सिंह,डीआईओएस सरदार सिंह,प्रो.प्रदीप कुमार सिंह,डॉ. राजीव कुमार सिंह,कुलश्रेष्ठ तिवारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।
वर्जन -
बीएड प्रवेश परीक्षा को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रत्येक कक्ष में दो कक्ष निरीक्षकों को तैनात किया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण भी कर लिया गया है। नकल विहीन और सकुशल परीक्षा सम्पन्न कराई जाएगी। -प्रो.अखिलेश पाण्डेय, परीक्षा नोडल/ प्राचार्य पीजी कालेज पट्टी,प्रतापगढ़
ये भी पढ़ें -
