Bareilly News: चुनाव खत्म... अब फिर झेलिए रेलवे के ताबड़तोड़ ब्लॉक
बरेली, अमृत विचार। चुनाव से पहले ताबड़तोड़ ब्लॉक की वजह से मई का महीना रेलयात्रियों पर काफी भारी गुजरा, अब वही स्थिति जून में होने जा रही है। चुनाव खत्म होते ही रेलवे ने अलग-अलग रूट पर ब्लॉक की घोषणा शुरू कर दी है। अब तक घोषित किए गए ब्लॉकों से 50 से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित होंगी जिनमें से तमाम बरेली जंक्शन से गुजरने वाली भी हैं।
इन ब्लॉक के दौरान कई ट्रेनों को कुछ समय के लिए निरस्त करने के साथ डायवर्ट और रिशेड्यूल करने का एलान किया गया है। गर्मी की छुट्टियों में आपका सैरसपाटे का इरादा भी इससे प्रभावित हो सकता है।
मई और जून में गर्मी की छुट्टियों की वजह से सबसे ज्यादा लोग ट्रेनों में यात्रा करते हैं लेकिन मई में ताबड़तोड़ करीब दो दर्जन ब्लॉक रेलयात्री झेल चुके हैं। अब जून में भी यही हालत रहने वाली है। इन ब्लॉकों के दौरान नियमित ट्रेनों के साथ कई समर स्पेशल ट्रेनें भी प्रभावित रहेंगी।
पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन की ओर से बिशारतगंज-आंवला स्टेशन के बीच पुल संख्या-21 पर मरम्मत के लिए ब्लॉक की घोषणा की गई है। इस वजह से टनकपुर से नौ जून को चलने वाली 12035 टनकपुर-दिल्ली पूर्णागिरी जनशताब्दी एक्सप्रेस और 12036 दिल्ली-टनकपुर पूर्णागिरी एक्सप्रेस को ओरिजनेटिंग स्टेशनों से रिशेड्यूल कर चलाया जाएगा।
लखनऊ जंक्शन-मानकनगर और ऐशबाग-मानकनगर रेल खंड के बीच नौ से 14 जून के बीच प्री-नॉन इंटरलॉक और नॉन इंटरलॉक काम होना है जिसके लिए 26 ट्रेनों का रूट बदला गया है। इसके अलावा 14 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजनेट किया गया है। नौ ट्रेनें रिशेड्यूल की गई हैं, 14 ट्रेनें पूरी तरह निरस्त रहेंगी।
इस तरह ब्लॉक के दौरान 54 ट्रेनें आंशिक या पूरी तरह प्रभावित रहेंगी। इनमें बरेली जंक्शन से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनें भी शामिल हैं। नौ से 14 जून के बीच लखनऊ जंक्शन से चलने वाली 22453 लखनऊ जंक्शन-मेरठ सिटी राज्यरानी एक्सप्रेस और मेरठ सिटी से नौ से 14 जून तक 22454 मेरठ सिटी-लखनऊ जंक्शन राज्यरानी एक्सप्रेस एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। काठगोदाम से 13 जून को चलने वाली 15044 काठगोदाम-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस रास्ते में 75 मिनट नियंत्रित कर चलाई जाएगी।
बरेली जंक्शन पर अवध असम रहेगी निरस्त
मुरादाबाद रेल मंडल के मुरादाबाद-बरेली रेलखंड पर यात्रियों को 18 से 23 जून तक तक दिक्कत झेलनी पड़ेगी। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के मुताबिक दुगनपुर यार्ड में लूप लाइन निर्माण के लिए नॉन इंटरलॉकिंग काकाम किया जाना है।
लिहाजा डिब्रूगढ़ से 18 और 22 जून को चलने वाली 15909 डिब्रुगढ़-लालगढ़ अवध एक्सप्रेस बरेली कैंट-चंदौसी-मुरादाबाद के परिवर्तित मार्ग पर चलाई जाएगी। इस बीच यह ट्रेन रामपुर और बरेली जंक्शन पर निरस्त रहेगी। लालगढ़ से 19 और 23 जून को चलने वाली 15910 लालगढ़-डिब्रुगढ़ अवध असम एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग मुरादाबाद-चंदौसी-बरेली कैंट के रास्ते चलाई जाएगी और बरेली जंक्शन और रामपुर स्टेशनों पर निरस्त रहेगी।
मई में भी लिए गए थे ताबड़तोड़ ब्लॉक बुलंदशहर-खुर्जा सिटी सेक्शन
27 से 29 मई के बीच मुरादाबाद रेल मंडल में पावर और ट्रैफिक ब्लॉक बुलंदशहर-खुर्जा सिटी सेक्शन में लिया गया। रेल प्रशासन की तरफ से पटरियों की मरम्मत की गई जिसकी वजह से पांच ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। इनमें चार ट्रेनें निरस्त और एक ट्रेन रिशेड्यूल की गई थी।
इज्जतनगर-दोहना रेलखंड
इज्जनतगर-दोहना रेलखंड पर रेल प्रशासन ने 29 और 30 मई को छह-छह घंटे का ब्लॉक लिया। इसके अलावा चार और पांच जून को भी चार-चार घंटे ब्लॉक रहा। इस दौरान यहां अंडरपास निर्माण किया गया। अलग-अलग दिनों में आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित रहीं।
मुरादाबाद-बरेली रेल खंड
16 मई को मुरादाबाद-बरेली रेलखंड पर 6 घंटा 40 मिनट के मेगा ब्लॉक के दौरान यात्रियों को दिक्कत हुई। इस बीच पांच ट्रेनों को रिशेड्यूल, दो ट्रेनों को निरस्त और एक ट्रेन का संचालन निरस्त रहा। रामपुर में पुराने फुटओवर ब्रिज को हटाने का काम किया गया।
सायन स्टेशन पर ब्लॉक
उत्तर पश्चिम रेलवे के सायन स्टेशन पर इंजीनियरिंग कार्य के लिए ब्लॉक लिया गया जिसकी वजह से इज्जतनगर रेल मंडल से चलने वाली चार ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। जैसलमेर-काठगोदाम एक्सप्रेस निर्धारित मार्ग से न चलाकर डायवर्ट कर दिया गया। इससे भी रेल यात्रियों को दिक्कत हुई।
ये भी पढे़ं- बरेली : आइवीआरआई में 30 लाख से बनेगी लेप्रोस्कोपी सर्जरी यूनिट
