Bareilly News: मंडल में डॉक्टरों के 52 फीसदी पद खाली, मरीजों का इलाज बना चुनौती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मंडल के चारों जिलों में डॉक्टरों के 909 में 428 पद रिक्त

अंकित चौहान, बरेली, अमृत विचार। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर इलाज देने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन आंकड़े बता रहे हैं पूरे मंडल में 52 फीसदी डॉक्टरों के पद खाली हैं। इन पदों पर 12 वर्षों से कोई नई तैनाती नहीं हुई है।

विभागीय अफसरों की ओर से रिक्त पदों को भरने के लिए शासन से कई बार पत्राचार किया जा चुका है, लेकिन स्थिति जस की तस है। इससे मरीजों का दर्द कम होने की बजाय बढ़ रहा है। जनप्रतिनिधि भी खामोश हैं।

मंडल के चार जिलों में बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के सरकारी अस्पतालों में रोजाना सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में 55 हजार से अधिक मरीजों की भीड़ पहुंच रही है, लेकिन डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों का इलाज प्रभावित हो रहा है। 

अपर निदेशक स्वास्थ्य कार्यालय से मिले आंकड़ों के अनुसार मंडल में डॉक्टरों के कुल 909 पद सृजित हैं। सिर्फ 481 पदों पर डॉक्टरों की तैनाती है। करीब 12 वर्षों से 428 डॉक्टरों के पद रिक्त हैं। बरेली में सीएमओ के अधीन डॉक्टरों के कुल 235 पद हैं, जिसके सापेक्ष 156 डॉक्टर तैनात हैं, पीलीभीत में 110 पदों के सापेक्ष 58, बदायूं में 205 के सापेक्ष 111 और शाहजहांपुर में 184 पदों के सापेक्ष महज 75 डॉक्टर तैनात हैं।

जिला अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी, 58 स्वास्थ्य केंद्रों पर भी इलाज हो रहा प्रभावित
विभागीय आंकड़ों के अनुसार मंडल के चारों में जिलों में कुल 58 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यानी सीएचसी संचालित हो रही हैं। रोजाना एक सीएचसी पर करीब एक हजार मरीज ओपीडी में आते हैं, लेकिन डॉक्टरों की कमी के चलते मरीजों का इलाज प्रभावित हो रहा है। शहरी क्षेत्र के मरीजों की भीड़ जिला अस्पतालों में उमड़ रही है, यहां भी डॉक्टरों की कमी है। शाहजहांपुर जिला महिला अस्पताल में डॉक्टरों के दो पद सृजित हैं, लेकिन यहां कोई स्थाई डॉक्टर नहीं है। संविदा चिकित्सकों के सहारे मरीजों को इलाज दिया जा रहा है।

मंडल में जिला अस्पतालों में डॉक्टरों की स्थिति
जिला - पद - तैनाती
बरेली - 42 - 29
बदायूं - 32 - 17
पीलीभीत - 11 - 5
शाहजहांपुर - 52 - 10

मंडल में जिला महिला अस्पतालों में डॉक्टरों की स्थिति
जिला पद तैनाती
बरेली - 15 - 8
बदायूं - 12 - 5
पीलीभीत - 12 - 3
शाहजहांपुर 2 - 0

स्थाई डॉक्टरों के पदों पर लंबे समय से तैनाती नहीं हो सकी है। हालांकि डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए वॉक इन इंटरव्यू के माध्यम से भर्ती की जा रही हैं। शासन स्तर से भी डॉक्टरों के रिक्त पदों की सूचना मांगी गई है। उम्मीद है कि जल्द डॉक्टरों की कमी दूर होगी।-डॉ. पुष्पा पंत, एडी हेल्थ, बरेली मंडल

डॉक्टरों की नियुक्ति प्रक्रिया जारी है। बीते दिनों चयनित हुए सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों को आचार संहिता खत्म होने के बाद तैनाती मिल जाएगी। चिकित्सकों की पदोन्नति के बाद पुन: उप्र. लोकसेवा आयोग में अधियाचन भेजा जाएगा। चिकित्सकों की नियुक्ति होने पर डॉक्टरों की कमी दूर हो जाएगी।- डॉ. बृजेश राठौर, महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य

ये भी पढे़ं- Bareilly News: चुनाव खत्म... अब फिर झेलिए रेलवे के ताबड़तोड़ ब्लॉक

 

संबंधित समाचार