SP MLA Irfan Solanki: सपा विधायक इरफान दूसरे का घर फूंक अपने किले में लिए आग...सजा सुनते ही बैरक में गुमसुम होकर बैठा रहा
दूसरे का घर फूंक अपने किले में लगा ली आग
कानपुर, अमृत विचार। हाजी मुश्ताक सोलंकी आर्यनगर से दो बार के विधायक रहे। उनके निधन के बाद राजनीतिक विरासत उनके बड़े बेटे इरफान सोलंकी को मिली। उसने भी पहले आर्यनगर से चुनाव लड़ा और पिता की सहानुभूति से चुनाव जीता। कुल चार बार चुनाव जीता लेकिन समय-समय पर अपने विवादों में काफी चर्चाओं और घटनाओं मे रहा।
प्लॉट पर की गई आगजनी की कालिख इरफान ने अपने राजनीतिक सफर पर पोत ली। यहीं से करोड़ों की कोठी में रहने वाले इरफान को जेल की कोठी में पहुंचना पड़ा। इरफान पर पहले से 8 मामले दर्ज थे। आगजनी के बाद देखते ही देखते 10 और मुकदमे दर्ज हो गए। इरफान, भाई रिजवान और साथियों की हिस्ट्रीशीटर खुलती गई। शुक्रवार को शहर भर में चर्चा होती रही कि दूसरे का घर फूंकने के बाद उसकी तपिश में इरफान का किला चपेट में आ गया।
मुलायम सिंह यादव के करीबी
इरफान सोलंकी राजस्थान के अजमेर में 5 जून 1979 को हाजी मुश्ताक सोलंकी के घर जन्मा। उसके पिता मुश्ताक सोलंकी मुलायम सिंह यादव के काफी करीबी रहे थे। जेल जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी उससे मिलने आए थे, लेकिन सुरक्षा कारण बताकर उन्हें महराजगंज जेल भेज दिया गया।
सजा सुनते ही बैरक में गुमसुम चला गया इरफान
आगजनी मामले में महाराजगंज जेल से इरफान सोलंकी की वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी हुई। सात साल की सजा सुनने के बाद कुछ देर वीडियो कान्फ्रेंसिंग रूम में गुमसुम रहने के बाद वह अपनी बैरेक में चला गया। कोर्ट मे उसके परिजन फूट-फूटकर रोने लगे। उन लोगों ने ऊपर वाले पर भरोसा रखने की बात कही।
मुकदमे पर एक नजर :
घटना-सात नवंबर 2022, रात आठ बजे।
प्रथम सूचना रिपोर्ट-आठ नवंबर 2022
पहला आरोप पत्र-नौ दिसंबर 2022 अभियुक्त-विधायक इरफान सोलंकी, भाई रिजवान सोलंकी।
दूसरा आरोप पत्र-19 दिसंबर 2022 अभियुक्त-शौकत अली, मोहम्मद शरीफ, इजरायल आटेवाला।
तीसरा आरोप पत्र-20 फरवरी 2023 अभियुक्त-हाजी अज्जन उर्फ एजाज, मुर्सलीन खान उर्फ भोलू।
चौथा आरोप पत्र-18 मई 2023 अभियुक्त-अनूप यादव उर्फ बटऊ, महबूब आलम, एजाजुद्दीन सबलू।
पांचवां आरोप पत्र-सात जुलाई 2023 अभियुक्त-शमशुद्दीन उर्फ चच्चा।
छठवां आरोप पत्र-30 जनवरी 2024 अभियुक्त शकील चिकना।
ये भी पढ़ें- SP MLA Irfan Solanki: इन बड़े-बड़े विवादों में शामिल रहा इरफान का नाम...रसूख के कारण ठंडे बस्ते में चले गए मामले
