सपा के नवनिर्वाचित सांसदों से मिले अखिलेश यादव, कहा- लोकसभा चुनाव में जनता से जुड़े मुद्दों की जीत हुई है

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में नकारात्मक राजनीति खत्म हो गई और सकारात्मक राजनीति का दौर शुरू होने के साथ ही जनता से जुड़े मुद्दों की जीत हुई है। 

लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं से अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘एक तरफ जहां इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) की जीत हुई है और पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की रणनीति की जीत हुई है। सपा (चुनाव में) देश की तीसरे नंबर की पार्टी बनकर उभरी है।’’ 

उन्होंने कहा कि पार्टी को बड़े पैमाने पर जनता का समर्थन मिला है। यादव ने कहा कि समाजवादियों की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है, चाहे वह जनता से जुड़े मुद्दे उठाना हो, जनता के हितों को ध्यान में रखना हो या अपनी बात रखना हो। उन्होंने कहा, ‘‘नकारात्मक राजनीति खत्म हो गई है और सकारात्मक राजनीति का दौर शुरू होने के साथ ही जनता से जुड़े मुद्दों की जीत हुई है।’’ 

लोकसभा चुनावों में सपा ने उत्तर प्रदेश की 80 में से 37 सीट जीतीं, जबकि उसकी सहयोगी कांग्रेस को 6 सीट मिलीं। भाजपा 33 सीट पर ही जीत हासिल कर पाई, जबकि उसके सहयोगी दल राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) को दो और अपना दल (सोनेलाल) को एक सीट मिली।

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने एक सीट जीती, जबकि बहुजन समाज पार्टी एक भी सीट जीतने में विफल रही। आज की इस बैठक में अखिलेश यादव के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव और रामगोपाल यादव भी मौजूद रहे। बैठक में नवनिर्वाचित सांसद डिंपल यादव, इकरा हसन, धर्मेंद्र यादव, आदित्य यादव, अक्षय यादव और अफजाल अंसारी भी नजर आए।  

सपा के नवनिर्वाचित सांसदों से अखिलेश यादव ने की मुलाकात

लोकसभा चुनाव 2024 में समाजवादी पार्टी को उत्तर प्रदेश में प्रचंड जीत मिलने के बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव ने आज लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में सपा के नए सांसदों के साथ मुलाकात की... इस दौरान नवनिर्वाचित सांसदों ने सपा मुखिया अखिलेश यादव को प्रचंड जीत की बधाई दी... इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में पीडीए की रणनीति कामयाब रही। हमने जनता के मुद्दे उठाए। इससे भाजपा की नकारात्मक राजनीति खत्म हो गई। इसके अलावा उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान प्रत्याशियों ने जनता से जुड़े मुद्दे जनता के बीच रखे और इनकी मेहनत रंग लाई... बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 में जीते सपा के 37 नवनिर्वाचित सांसदों से मुलाकात के दौरान सांसद एक मजबूत विपक्ष के रूप में अपने-अपने क्षेत्र में कैसे काम करेंगे और जनता के मुद्दों को सड़क से संसद तक कैसे ले जायेंगे, इस पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने रणनीति बनाई... वहीं इस बैठक में अखिलेश यादव को लोकसभा में संसदीय दल का भी नेता चुना गया है... 

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: परिषदीय और माध्यमिक के छात्र अब खेलकूद का करेंगे संयुक्त अभ्यास

संबंधित समाचार