बरेली: भ्रष्टाचार का लगा दाग फिर भी प्रशासनिक अधिकारी पर मेहरबानी, निलंबन की नहीं हुई कार्रवाई
बरेली, अमृत विचार: भ्रष्टाचार का दाग लगने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई नहीं की है।
एंटी करप्शन की टीम ने गुरुवार को सीएमओ कार्यालय में तैनात प्रशासनिक अधिकारी देवेंद्र को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा था। दो दिन के बाद भी प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ निलंबन की प्रक्रिया शुरू तक नहीं की गई है।
कार्यालय में सन्नाटा, कई बाबू अवकाश पर
देवेंद्र की गिरफ्तारी के बाद कार्यालय में सन्नाटा पसरा नजर आया। मलाईदार पटल देखने वाले कई बाबू अवकाश पर चले गए हैं। कहीं शक के आधार पर उन्हें भी जांच के घेरे में न ले लिया जाए। सूत्रों के अनुसार आरोपी देवेंद्र जुलाई में सेवानिवृत्त होने वाले थे।
पुलिस पूछताछ में रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी प्रकाश में आ सकते हैं। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि पुलिस प्रशासन की ओर से जांच रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। मिलते ही निलंबन के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें- बरेली: कैमरे की निगरानी में होगी बीएड प्रवेश परीक्षा, 3032 परीक्षार्थी होंगे शामिल
