अयोध्या: व्यापारियों की बैठक में गूंजे जीएसटी, निगम टैक्स सहित अन्य मुद्दे

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

नियम के विरुद्ध पंजीकृत प्रतिष्ठानों पर मारे जा रहे छापे, व्यापार प्रतिनिधि मंडल की बैठक में शामिल हुए प्रांतीय अध्यक्ष

अयोध्या, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की बैठक में जीएसटी, नगर निगम से लगाए टैक्स सहित कई अन्य मुद्दे गूंजे। व्यापारियों ने कहा कि वाणिज्य कर विभाग जिले में नियम विरूद्ध छापे मार रहा है। प्रांतीय अध्यक्ष ने कहा कि वह इन मामलों को नगर विकास मंत्री, संबंधित विभागों के प्रमुख सचिव और वाणिज्य कर आयुक्त से मिलकर समुचित निदान कराएंगे।
    
रामपथ स्थित एक माॅल में आयोजित बैठक में व्यापारियों ने सरकारी कामकाज की आलोचना की। तीन मुद्दे खासतौर से उठे। कहा कि वाणिज्य कर विभाग के एसआईबी शाखा के अधिकारियों से अच्छा राजस्व देने वाले जिले के बड़े व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर ऑन द स्पॉट टैक्स जमा करने का दबाव बनाते हैं, जबकि जीएसटी कानून में धारा 67 के तहत ज्वाइंट कमिश्नर से नीचे के अधिकारियों को पंजीकृत व्यपारी के प्रतिष्ठान में छापा मारने का अधिकार नहीं है। टैक्स जमा करने की नोटिस जारी कर उसे जवाब देने और टैक्स जमा करने का समय देने की व्यवस्था है, लेकिन अयोध्या जिले में इसके विपरित कार्य हो रहा है।

व्यापारियों ने कहा कि नगर निगम से व्यावसायिक भवनों और दुकानों का हाउस टैक्स, वाटर टैक्स कई गुना बढ़ा दिया गया। प्रॉपर्टी ट्रांसफर और नए निर्माण कार्य के नक्शे पर नगर निगम से विकास प्राधिकरण में शुल्क जमा होने के बाद एनओसी के नाम पर लाखों रुपए की डिमांड बनाई जा रही है। यह जनता का शोषण है। इसे ठीक किया जाना चाहिए। कहा कि अयोध्या नगर में राम पछ निर्माण में नया घाट से टेढ़ी बाजार तक जिन व्यापारियों के मकान और दुकान टूट गए, उनके मकान मालिक, रियासत, राज परिवार और मठ मंदिरों के मुख्तार मैनेजर से उनको टूटे हुए दुकानों को बनवाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। पगड़ी और किराया के नाम पर मोटी रकम मांगी जा रही है। कहा कि यह पीड़ित व्यापारी के साथ अन्याय है। व्यापारियों को शासन से भी कोई राहत नहीं दी जा रही है। ऑन लाइन ट्रेडिंग का मुद्दा भी उठा। व्यापारियों ने कहा कि इसे रोका जाना जाहिए। ऑन लाइन ट्रेडिंग पर सरकार से अतिरिक्त टैक्स लगाने की मांग उठाई।

लिखित में भेजिए समस्याएं: कंछल 
संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने सभी समस्यायों को लिखित रूप से भेजने को कहा। कहा कि यह व्यापारियों के अस्तित्व का प्रश्न है, वह इन मामलों को नगर विकास मंत्री, संबंधित विभागों के प्रमुख सचिव और वाणिज्यकर आयुक्त से मिलकर समुचित निदान कराएंगे। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अतुल कुमार सिंह और संचालन महानगर महामंत्री अरुण कुमार अग्रवाल ने किया।

बैठक में ये रहे मौजूद 
प्रांतीय उपाध्यक्ष आशीष अग्रवाल, सचिव मनोज जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष श्यामपाल चोपड़ा, नीरज जायसवाल, ज्ञान केसरवानी, महानगर अध्यक्ष चंदप्रकाश गुप्ता, यशस्पति अग्रवाल, मनीष गोयल, अयोध्या के नगर अध्यक्ष पंकज गुप्ता, अश्वनी गुप्ता, गोसाईगंज से संजय पराग, पवन जायसवाल, गोपीनाथ अंगियार, प्रिंस कसौधन, सुचितागंज से वीरभद्र गुप्ता, पूरा बाजार से प्रमोद सोनी, इलेक्ट्रॉनिक्स डीलर एसोसिएशन से मोहम्मद उमर, पुनीत केसरवानी, मोहम्मद सुहैल, बीज व्यापारी सेवा समिति के प्रांतीय महामंत्री संजय वर्मा, ईंट निर्माण समिति से संजय सावलानी साहित अन्य लोग थे।

ये भी पढ़ें -लखनऊ की फैक्ट्री में लगी आग, दमकल विभाग की टीम ने पाया काबू

संबंधित समाचार