Kannauj Theft: शिक्षिका के बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, ताला काट कर नकदी व जेवरात समेत उड़ाया 50 लाख का माल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज, अमृत विचार। शिक्षिका के बंद मकान का ताला तोड़ कर चोरों ने लाखों रुपये की नकदी, जेवरात समेत 50 लाख रुपये का माल चोरी कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। सीसीसीटी फुटेज में दो चोर दिखाई दे रहे हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच नमूने लिये। मामले में शिक्षिका की ओर से सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है।

सदर कोतवाली क्षेत्र के पाल चौराहा पर महेंद्रा कार एजेंसी के निकट रहने वाली शिक्षिका प्रिया अवस्थी पत्नी आशीष अवस्थी का मेन रोड पर मकान है। शनिवार को वह अपने मूल गांव देवधरापुर में माता-पिता से मिलने चली गईं थीं। मकान के मुख्य गेट से लेकर प्रत्येक कमरों में ताले लगे थे। रात 11:11 पर दो चोर मुख्य गेट का ताला तोड़ कर मकान के अंदर पहुंच गये। 

चोरों ने मकान के अंदर पहुंचे कमरों व सेफ के ताले काट कर 1,80,000 रुपये नकद के अलावा करीब 50 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिये। सुबह होने पर उनके ससुर जब मकान पर पहुंचे तो पाया कि मुख्य गेट का ताला टूटा पड़ा है। अंदर जा कर देखा तो मकान के सभी कमरों के भी ताले टूटे हैं। सेफ खुली पड़ी है। मकान का सारा सामान बिखरा पड़ा है। 

यह देख उन्होंने प्रिया को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में वह व अन्य परिजन मौके पर पहुंच गये। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। कोतवाली प्रभारी दिग्विजय सिंह के अलावा पाल चौराहा चौकी प्रभारी धीरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले में फोरेंसिक टीम प्रभारी धीरज कुमार, एसओजी व सर्विलांस टीम ने मौके पर पहुंच कर छानबीन कर साक्ष्य जुटाये।

यह भी पढ़ें- Chitrakoot News: भाई की डांट से आहत होकर दो बहनों ने कुएं में कूदकर दी जान, परिजनों में मची चीख पुकार

 

संबंधित समाचार