रामपुर: मसवासी में फिर देखा गया तेंदुआ, वीडियो वायरल
मसवासी, अमृत विचार। पट्टीकलां में तेंदुए के देखे जाने के कारण लोगों में दहशत बनी हुई है। तेंदुए की चहलकदमी करते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जंगल में तेंदुआ देखे जाने की सूचना पर वन विभाग की टीम ने जंगल में कांबिंग की। जहां टीम को जगह-जगह तेंदुए के पदचिन्ह मिले हैं।
बता दें कि तीन दिन से तेंदुआ जगह-जगह दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को क्षेत्र के रहमतगंज गांव में खेतों पर मजदूरी करने गए ग्रामीणों ने तेंदुए को जंगल में चहलकदमी करते हुए देखा था। जिस पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया था। उन्होंने गांव की और दौड़ लगा दी थी। जब तक अन्य ग्रामीण लाठी डंडे लेकर जंगल की ओर पहुंचे तब तक तेंदुआ जंगल में दूर निकल चुका था।
मामले की सूचना पर वन विभाग की टीम ने जंगल में कांबिंग की थी,लेकिन टीम को कहीं भी तेंदुए का कोई सुराग नहीं लग पाया था। रहमतगंज गांव के निवासी सोना सिंह का कुत्ता भी तीन दिन से लापता है। जिसका कहीं कोई सुराग नहीं लग पाया है। शनिवार की रात्रि नौ बजे पट्टीकलां में कुबेर स्टोन क्रॅशर के नजदीक तेंदुए को चहलकदमी करते हुए देखा गया है।
बुढ़िया फॉर्म निवासी बयंत सिंह ने बताया कि कुबेर स्टोन क्रॅशर के नजदीक उनके खेत हैं। शनिवार की रात्रि नौ बजे बयंत सिंह अपने पड़ोसी के साथ अपने खेत पर गए थे तभी उन्होंने तेंदुए को चहलकदमी करते हुए देखा जिस पर उन्होंने अपने मोबाइल से उसकी वीडियो बना ली। बयंत सिंह ने गांव पहुंचकर मामले की जानकारी अन्य ग्रामीणों को दी जब तक अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे तब तक तेंदुआ वहां से जा चुका था। रविवार को मामले की सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना पर वन दरोगा शील कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
वन विभाग की टीम ने जंगल में कांबिंग की तब टीम को जंगल में जगह-जगह तेंदुए के पदचिन्ह मिले हैं। वन दरोगा शील कुमार ने बताया है कि ग्रामीणों के द्वारा दी गई सूचना पर पट्टीकलां में बुढ़िया फॉर्म के नजदीक कुबेर स्टोन क्रॅशर के पास पहुंचकर जंगल में कांबिंग की। वहां जगह-जगह तेंदुए के पदचिन्ह मिले हैं फिलहाल लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
इसके साथ ही तेंदुए की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। तेंदुए की लोकेशन मिलते ही उसको पकड़ने के लिए पिंजरा लगा दिया जाएगा। उधर तेंदुआ देखे जाने से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढे़ं- रामपुर: विवाहिता की हत्या में फरार चल रही सास गिरफ्तार, पति पहले ही जा चुका जेल
