पीलीभीत: शपथ ग्रहण होते ही मना जश्न, बांटी मिठाई... ढोल नगाड़ों पर थिरके भाजपाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने और पीलीभीत सीट पर बड़े अंतर से जीत दर्ज कराने वाले जितिन प्रसाद के मंत्रिमंडल में शामिल होने का जश्न जनपद भर में दिखा।  इसे लेकर दिन भर बधाई संदेश चलते रहे। फिर शाम को शपथ ग्रहण का लाइव प्रसारण देखा गया। वहीं, जगह-जगह ढोल नगाड़ों के बीच मिठाई बांटी गई और आतिशबाजी करके खुशी का इजहार किया गया।

लोकसभा चुनाव में एनडीए को बहुमत मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने की खुशी भाजपाईयों समेत जनपद भर में दिखाई देने लगी थी।  पीलीभीत सीट पर जीते भाजपा प्रत्याशी जितिन प्रसाद के मंत्रिमंडल में जगह पाने के कयास पहले से ही लगाए जा रहे थे। मेनका गांधी और वरुण गांधी के गढ़ के रूप में पहचानी जाने वाली पीलीभीत सीट पर जब जितिन प्रसाद भाजपा प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारे गए। 

तभी स्थानीय स्तर पर तय हो गया था कि अगर जीत हुई और केंद्र में मोदी सरकार की वापसी हुई तो जितिन प्रसाद का मंत्रिमंडल में शामिल होना तय होगा। चुनावी नतीजे सामने आए और एनडीए को बहुमत मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लगातार तीसरी बार ताजपोशी हुई। रविवार को सुबह से ही जगह-जगह जश्न का माहौल दिखाई देने लगा। शाम को नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण का लाइव प्रसारण लोग टीवी के आगे बैठकर देखते रहे। जो लोग घरों के बाहर थे, वह भी इस पल का साक्षी बनने के लिए मोबाइल फोन पर लाइव प्रसारण देखते नजर आए। 

तराई वासियों के लिए ये खुशी उस वक्त और दोगुना हो गई जब पता चला कि मोदी मंत्रिमंडल में पीलीभीत सीट पर जीत दर्ज कराने वाले जितिन प्रसाद भी शामिल हो गए हैं। दोपहर से ही सोशल मीडिया पर लोगों की ओर से बधाई संदेश प्रसारित किए जाने लगे।  शाम को भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ता जमा हुए और ढोल नगाड़ों के बीच मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। आतिशबाजी भी की गई। ढोल पर जमकर थिरके और जय श्रीराम के उद्घोष गूंजे। 

इस मौके पर जिला महामंत्री लेखराज भारती, जिला संयुक्त बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता धीरेंद्र मिश्र एडवोकेट, नगराध्यक्ष विकास श्रीवास्तव, अभिषेक सिंह गोल्डी, अंशुमन तिवारी, विकास वाल्मीकि, सभासद रतना शुक्ला,  संजीव मोहन अग्रवाल, अभय शर्मा, दिनेश पटेल, इंद्रेश चौहान, शशिबाला कटियार, शीतल रावत, संजीव शर्मा, तुलाराम लोधी, अरुण शर्मा आदि मौजूद रहे। इसके अलावा भी कई जगह आतिशबाजी और मिठाई बांटी गई। 

अखिल भारतीय भारतवर्षीय ब्राहमण महासभा के जिलाध्यक्ष अशोक बाजपेई एडवोकेट, व्यापारी नेता संजीव मिश्रा समेत कई अन्य ने भी जितिन के मंत्रिमंडल में शामिल होने पर खुशी जताई। उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने रविवार को दिल्ली स्थित आवास पर पीलीभीत के नवनिर्वाचित सांसद जितिन प्रसाद से मुलाकात कर उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल होने की बधाई दी। उधर, नगर पंचायत गुलड़िया भिंड़ारा (मझोला) के चेयरमैन निशांत प्रताप सिंह ने भी देर शाम समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ मिठाई बांटी और जमकर आतिशबाजी की गई।  

ये भी पढे़ं- पीलीभीत: आम का लालच देकर बच्ची को बाग में ले जाकर की छेड़छाड़, आरोपी को बांधकर की गई पिटाई...जानें पूरा मामला

 

संबंधित समाचार