Ganga Dussehra 2024: सिद्धनाथ घाट पर धूमधाम से मनाया जाएगा गंगा दशहरा पर्व, 1100 मीटर लंबी चुनरी से होगा मां का श्रृंगार
कानपुर, अमृत विचार। 16 जून को गंगा दशहरा पर्व की तैयारियों को लेकर रविवार को कृष्णा नगर स्थित कृष्ण वाटिका में बैठक हुई। मां गंगा सेवा समिति की केंद्रीय समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। तय किया गया कि इस बार गंगा दशहरा पर जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ घाट में विशेष आयोजन होगा। इस आयोजन में पतित पावनी मां गंगा का 11 सौ मीटर चुनरी से शृंगार किया जाएगा।
बैठक में बालयोगी अरुणपुरी चैतन्य जी महाराज ने बताया कि इस आयोजन के लिए 14 हजार परिवारों को निमंत्रण समिति की ओर से निमंत्रण दिया जा रहा है। मुख्य आयोजन सिद्धनाथ घाट पर होगा। इसके अलावा शहर के 23 घाटों पर भी गंगा में चुनरी, दूध, दहीं, घृत आदि से अभिषेक किया जायेगा।
सिद्धनाथ घाट पर होने वाले आयोजन में शाम 4:30 बजे से राष्ट्रीय स्तर के कलाकारो की ओर से भजनों की प्रस्तुति की जायेगी। गंगा पूजन सुबह 7 बजे से शुरू हो जाएगा। प्रसाद वितरण दोपहर 12 बजे से रात 12 तक चलेगा। बैठक के दौरान पवन तिवारी, अशोक भाटिया, संजय त्रिवेदी, राजेश अवस्थी,आचार्य संजय त्रिवेदी, प्रशांत त्रिपाठी, आशीष त्रिपाठी सहित अन्य मौजूद रहे।
