श्रावस्ती जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक सम्पन्न
श्रावस्ती, अमृत विचार। जिलाधिकारी कृतिका शर्मा की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार नवजात शिशुओं/बच्चों/गर्भवती/धात्री महिलाओं को स्वस्थ्य रखने हेतु प्रतिबद्ध है, इसी उद्देश्य से आईसीडीएस विभाग द्वारा तमाम योजनाओं का संचालन किया जा रहा है, जिससे गर्भवती महिलाओं की बेहतर ढंग से देखभाल कर उन्हें स्वस्थ बनाया जा सके।
उन्होने कहा कि गर्भवती महिलाओं की गर्भधारण से लेकर शिशु के जन्म के 05 वर्ष तक की आयु पूर्ण होने तक उनकी देखभाल की जाए। उन्होने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के अन्तर्गत संचालित आंगनवाड़ी केन्द्रों पर जाएं, और निरन्तर मानिटरिंग करके सरकार द्वारा प्रदत्त सभी सुविधाएं बच्चों एवं महिलाओं को उपलब्ध करायें तथा विशेष अभियान चलाते हुए जो बच्चे आंगनवाड़ी केन्द्रों पर पंजीकृत नहीं है, उन्हें पंजीकृत करते हुए सभी बच्चों का वजन कराया जाए। यदि किसी भी अधिकारी द्वारा इसमें शिथिलता बरती गई तो निश्चित ही उनके खिलाफ कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
एनआरसी में सैम बच्चों के लिए उपलब्ध बेड के सापेक्ष शत-प्रतिशत माह मई, 2024 में 25 बच्चे भर्ती किये गये। जिस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया। उन्होने निर्देशित किया कि कन्वर्जेन्स बैठक में समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी एवं समस्त प्रभारी चिकित्साधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर सैम-मैम बच्चों का चिन्हाकन एवं सुधार हेतु स्वास्थ्य लाभ दिलवाने, पोषाहार वितरण, टीकाकरण, निर्माण कार्य, आयरन गोली का वितरण एवं अन्य विभागीय कार्याे को सफल बनाने हेतु समीक्षा की जाय। बैठक का संचालन जिला कार्यक्रम अधिकारी पीके दास ने किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनुभव सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डाक्टर एपी सिंह, समस्त खण्ड विकास अधिकारीगण, डेवलपमेन्ट पाटनर्स, समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें -उत्तराखंड: पर्यावरण संरक्षण के लिए ट्रेनी आईएफएस अधिकारियों ने निकाली साइकिल रैली
