उत्तराखंड: पर्यावरण संरक्षण के लिए ट्रेनी आईएफएस अधिकारियों ने निकाली साइकिल रैली 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून। इन्दिरा गाँधी राष्‍ट्रीय वन अकादमी, देहरादून में विश्‍व पर्यावरण दिवस के अवसर पर की जा रही गतिविधियों की श्रृंखला में, शनिवार को 55वें आरआर के भारतीय वन सेवा परिवीक्षार्थियों (ट्रेनी आईएफएस ऑफिसर्स) द्वारा 14 किमी की साइकिलिंग का आयोजन किया गया। इस रैली का मुख्‍य उद्देश्‍य जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने के लिए पर्यावरण-अनुकूल आदतों को बढ़ावा देना था। साथ ही, इसके माध्‍यम से साइकल को अपनाने का संदेश भी दिया गया। जो न केवल कार्बन उत्‍सर्जन में कमी लाने का माध्‍यम है, अपितु यह एक स्‍वाथ्‍यवर्धक जीवनचर्या को भी बढ़ावा देती है। 

अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्‍त करने वाले इन ट्रेनी आईएफएस ने संदेश दिया कि जलवायु परिवर्तन को रोकने की दिशा में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को अपनाने, प्‍लास्टिक के उपयोग में कमी जाने तथा ऊर्जा संरक्षण जैसे छोटे-छोटे कदमों से हम पृथ्‍वी को भविष्‍य की पीढि़यों के लिए संरक्षित करने के लिए बड़े बदलाव ला सकते हैं। इसमें हर किसी का छोटे-से-छोटा प्रयास भी महत्‍वपूर्ण सिद्ध होगा। उल्लेखनीय है कि अकादमी द्वारा जून, 2015 में ही अपने परिसर में सिंगल-यूज प्‍लास्टिक, प्‍लास्टिक कटलरी, प्‍लास्टिक स्‍टेशनरी आदि के प्रयोग को प्रतिबंधित कर दिया गया था। 

इस संदर्भ में कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी अमित रोहेला ने बताया कि इससे पूर्व पांच जून को विश्‍व पर्यावरण दिवस पर अकादमी के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा स्‍वच्‍छता शपथ ली गई। संपूर्ण कार्यालयों एवं आवासीय परिसर में सफाई अभियान चलाया गया। जिसमें सभी अधिकारियों, कार्मिकों और प्रशिक्षु अधिकारियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। अब इस श्रृंखला में पौधारोपण कार्यक्रम तथा संभाषण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर अकादमी के अपर निदेशक, राज कुमार बाजपेयी, अपर प्राध्‍यापक अमित कुमार, जीपी नरवणे, स्‍पोर्ट्स अधिकारी कुणाल अंग्रिश, 55वें आरआर के आईएफएस प्रशिक्षु और कर्मचारी उपस्थित थे। 

ये भी पढ़ें- 39 विदेशी कैडेटों के साथ कुल 394 कैडेट अंतिम पग रखते ही बने सेना के अंग

संबंधित समाचार