लखनऊ विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी संकाय के दो छात्रों का राष्ट्रीयकृत बैंकों में हुआ चयन
लखनऊ, अमृत विचारः लखनऊ विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं तकनीकी संकाय के दो छात्रों दिवाकर प्रसाद एवं कामया कृति ने राष्ट्रीयकृत बैंकों में चयन हुआ है। दोनों ने प्रतिष्ठित पद हासिल कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय एवं अभियांत्रिकी संकाय के डीन प्रो. एके सिंह ने दोनों छात्रों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने छात्रों की इस सफलता पर कहा कि, "हमारे छात्र देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। हमें विश्वास है कि दिवाकर प्रसाद और काम्या कीर्ति अपने नए पदों पर भी सफलता प्राप्त करेंगे और विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे। अभियांत्रिकी संकाय के डीन, प्रो. एके सिंह ने हर्ष जाहिर करते हुए कहा कि छात्रों की सफलता ने यह साबित कर दिया कि कठिन परिश्रम और समर्पण से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
मिला कठिन परिश्रम का फल
डॉ. हिमांशु पाण्डेय ने बताया कि 2022 बैच के बीटेक छात्र दिवाकर प्रसाद ने आईबीपीएस परीक्षा को उत्तीर्ण कर बैंक ऑफ महाराष्ट्र में उप. प्रबंधक (पीओ) के पद पर चयनित होकर अपनी योग्यता का परिचय दिया। उन्हें 14 लाख सीटीसी का पैकेज प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही 2022 बैच की बीटेक छात्रा काम्या कीर्ति ने भी आईबीपीएस परीक्षा को उत्तीर्ण कर इंडियन बैंक में ग्राहक सेवा सहयोगी के पद पर चयनित होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उन्हें 6 लाख सीटीसी का पैकेज मिला है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे संकाय को गर्व है।
यह भी पढ़ेः NEET परिणाम को लेकर एबीवीपी ने लखनऊ यूनिवर्सिटी में किया प्रदर्शन, देखें वीडियो
