कासगंज: प्रतिबंधित पशुओं की न करें कुर्बानी, अन्यथा होगी कड़ी कार्रवाई
कासगंज, अमृत विचार। सोमवार को डीएम एवं एसपी द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक की। जिले के सभी वर्गों के धार्मिक गुरूओं, प्रबुद्धजनों एवं संभ्रांत नागरिकों से सीधा संवाद कर शासन, प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए आगामी त्योहारों पर आपसी सौहार्द, भाईचारा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाएं रखने में सहयोग का आह्वान किया।
डीएम सुधा वर्मा ने कहा कि नमाज निर्धारित स्थान पर ही हो तथा कुर्बानी खुले में नहीं की जाए। कुर्बानी के बाद के अवशेष किसी निर्धारित जगह पर गड्डा खोद कर दबाएं या नगर पालिका की गाड़ी को दे दें। कादरगंज व शाहवाजपुर घाट पर बेरिकेडिंग कराई जाए जिससे की कोई भी श्रद्धालु गहरे पानी में नहीं जाए।
डीएम ने कहा कि धार्मिक संवेदनशील मामलों में माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस व प्रशासन का सहयोग करें। विशेष दिवसों को शक्ति का प्रदर्शन न करके स्नेह का प्रदर्शन करके मनाए। आप लोग कोई ऐसा मौका न आने दें कि हमें कोई कड़ी कार्रवाई करनी पड़े। कहीं कोई अप्रिय घटना की संभावना हो तो हमारे संज्ञान में लाएं। यह जनपद गंगा जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द की मिसाल रहा है। इसी भाईचारे को बनाये रखें।
डीएम ने ईद उल अजहा, गंगा दशहरा के पर्व के दृष्टिगत जिला पंचायज राज अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, जल निगम, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को साफ-सफाई कराने, विद्युत आपूर्ति तथा जलापूर्ति की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने में पूर्ण सहयोग करें। कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्माद या झूठी अफवाहें फैलाने वालों व अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सड़क मार्ग या यातायात बाधित कर कोई धार्मिक आयोजन नहीं होना चाहिए। सीडीओ सचिन, एएसपी राजेश कुमार भारती सहित सभी एसडीएम एवं संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढे़ं- कासगंज: झोपड़ी में आग लगने से दो बच्चे जले, गृहस्थी का सामान जलकर राख
