कासगंज: गंगा में स्नान करते समय गहरे पानी में डूबा युवक, लापता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कासगंज, अमृत विचार। ग्रामीणों के साथ कलश विसर्जन के लिए आया युवक गंगा में स्नान करते समय गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। गंगा मैया की जय जयकार के स्वर चीत्कार में बदल गए। युवक की तलाश ग्रामीण गोताखोर देर सांय तक गंगा में करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली है।

जिला फर्रुखाबाद के थाना कंपिल के गांव अहिवरन निवासी 20 उर्वेश पुत्र श्रीकृष्ण गंजडुंडवारा के गांव दमपुरा में अपनी बुआ वरफी देवी के घर आया हुआ था। सोमवार को गांव से कलश यात्रा कादरगंज गंगा घाट पर गई थी। उर्वेश भी ग्रामीणों के साथ गया था। जब ग्रामीण धार्मिक अनुष्ठान के बाद गंगा में स्नान कर रहे थे, तभी उर्वेश गंगा के गहरे पानी में डूबने लगा। 

जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक वह पानी में डूबकर लापता हो गया। घाट पर चीख पुकार मच गई। घटना की जानकारी पटियाली के उपजिलाधिकारी कुलदीप और सिकंद्रपुर वैश्य पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर बृजपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार मुकेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। 

उन्होंने ग्रामीण गोताखोरों से गंगा में युवक की तलाश शुरु कराई, लेकिन देर सांय तक गोताखारों को कोई सफलता नहीं मिली है। तहसीलदार ने बताया कि 20 वर्षीय उर्वेश गंगा में डूबकर लापता हुआ है। तलाश जारी है।

ये भी पढे़ं- कासगंज: संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, फंदे पर झूलता मिला शव

 

संबंधित समाचार