मुक्त विश्वविद्यालय में 166 केंद्रों पर 80 हजार परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
11 जून से 16 जुलाई तक दो पालियों में होंगी परीक्षाएं, केंद्रीय कारागारों में भी बनाए गए चार परीक्षा केंद्र
प्रयागराज, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज की सत्र जून 2024 की परीक्षाएं प्रदेश के 166 केंद्रों मंगलवार 11 जून 2024 से प्रारंभ हो रही हैं। इन परीक्षा केंद्रों में चार केंद्रीय कारागार भी शामिल हैं । परीक्षा में लगभग 80 हजार परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। यह जानकारी देते हुए कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने बताया कि परीक्षाएं 16 जुलाई तक संचालित की जाएंगी। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए वेबसाइट पर समय सारणी अपलोड की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रमाण पत्र, डिप्लोमा तथा पीजी डिप्लोम आदि की परीक्षाएं 11 जून से 15 जून तक तथा स्नातक, परास्नातक तथा शेष परीक्षाएं 18 जून से 16 जुलाई तक दो पालियों में प्रातः 10 से एक तथा दोपहर दो से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि सभी विषयों के परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र ऑनलाइन कर दिए गए हैं। जिन्हें डाउनलोड कर परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। प्रो. सत्यकाम ने बताया कि गोरखपुर रीजन में सबसे अधिक 29 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं । इसके अतिरिक्त प्रयागराज रीजन में 25, वाराणसी रीजन में 22, आजमगढ़ रीजन में 15, अयोध्या रीजन में 17, लखनऊ रीजन में 14, कानपुर रीजन एवं आगरा रीजन में 11, झांसी रीजन में सात, मेरठ रीजन में पांच, गाजियाबाद रीजन में चार तथा बरेली रीजन में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय जेल बंदियों की शिक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है। इस बार पूरे प्रदेश के चार केंद्रीय कारागारों नैनी, प्रयागराज, गाजियाबाद, अयोध्या तथा बरेली केंद्रीय कारागार में जेल बंदियों को परीक्षा दिलाई जाएगी।
कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने सोमवार को परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया। संपूर्ण उत्तर प्रदेश में परीक्षा को पारदर्शिता पूर्ण ढंग से सकुशल संपन्न कराने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इसके अंतर्गत इस बार परीक्षा कक्ष के अंदर केंद्र प्रभारी के अतिरिक्त अन्य सभी का मोबाइल प्रतिबंधित किया गया है। मीडिया प्रभारी डॉ. प्रभात चंद्र मिश्र ने बताया कि कुलपति के निर्देश पर पूरे प्रदेश में नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए उड़ाका दल एवं पर्यवेक्षक दल का गठन किया गया है।
प्रदेश में किसी भी केंद्र पर किसी भी परीक्षार्थी को कोई परेशानी न हो, परीक्षार्थियों की समस्या के त्वरित समाधान के लिए परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में परीक्षा नियंत्रक डी पी सिंह के निर्देशन में सहायता पटल स्थापित किया गया है। वहां परीक्षार्थियों की विभिन्न प्रकार की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। कुलसचिव कर्नल विनय कुमार ने परीक्षाओं के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर परीक्षा केंद्रों के समीप पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती का आग्रह किया है।
ये भी पढ़ें -मुख्तार के शूटर अंगद और गोरा राय को 5-5 साल की सजा, जेल में मारपीट का था मामला
