सीतापुर: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके पक्ष ने किया हंगामा
सीतापुर, अमृत विचार। महोली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में नव विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा किया और ससुराल पक्ष पर साजिशन हत्या का आरोप लगाया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामला उरदौली गांव का है।
जानकारी के अनुसार गांव के रूपेश का विवाह करीब दो वर्ष पहले संदना निवासी रेखा (23) के साथ हुआ था। बताया जाता है कि बीते कई माह से रेखा की तबीयत खराब थी। उसका उचित इलाज करने की बजाय रूपेश गांव के अप्रशिक्षित और गैर पंजीकृत चिकित्सक के यहां इलाज कर रहा था। सोमवार की देर शाम रेखा की मृत्यु हो गई।
रुपेश के परिजन जहां बीमारी से रेखा की मौत की बात कह रहे हैं। वही मायके पक्ष के लोगों ने बेपरवाही के चलते साजिशन उसकी मौत होने तक बेपरवाही करने का आरोप लगाया है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर उमाकांत शुक्ला ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
