Kannauj Crime: घास लेने गए युवक का हाईवे किनारे मिला शव...पत्नी बोली- सिर पर चोट के निशान, जांच में जुटी पुलिस
कन्नौज में युवक का शव पड़ा मिला
कन्नौज, अमृत विचार। सोमवार की शाम खेत से घास लेने गए युवक का हाईवे किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम जसोदा निवासी मुकेश (24) सोमवार की शाम लगभग 05.30 बजे घर से घास लेने की बात कहकर हाईवे किनारे स्थित खेतों की ओर गया था। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की। लेकिन देर रात तक उसका पता नहीं लग सका।
मंगलवार की सुबह जसोदा स्थित हाइवे किनारे मुकेश का शव संदिग्ध हालत में स्थानीय लोगों ने देखा तो हडकंप मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। जबकि मृतक के परिजनों में चीख पुकार मच गई। मृतक की पत्नी चांदनी ने बताया कि उसका पति मुकेश खेत से घास लेने की बात कहकर लगभग 05.30 बजे गया था। देर शाम उसने मुकेश को दो-तीन बार फोन किया। तो उसने 10-15 मिनट में घर लौटने की बात कही।
इसके बाद उसकी बात नहीं हो सकी। मुकेश के घर न लौटने पर खोजबीन की गई। लेकिन पता नहीं लग सका। मंगलवार की सुबह लहूलुहान शव हाइवे किनारे पड़ा मिला। पत्नी ने बताया कि मुकेश के सिर पर चोट के निशान है। उधर, सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह ने विधिक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
