Time City ग्रुप के पूर्व निदेशक समेत 31 पर एफआईआर, पुलिस ने शुरू की जांच
करीब 3.60 करोड़ रुपये हड़पने और कंपनी के स्टाफ को बंधक बनाने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर गुडम्बा थाने में दर्ज किया गया मामला, पुलिस ने शुरू की जांच
लखनऊ, अमृत विचार। कोर्ट के आदेश पर गुडम्बा थाने में टाइम सिटी कोऑपरेटिव हाउसिंग ग्रुप के पूर्व निदेशक समेत 31 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वर्तमान निदेशक ने धोखाधड़ी कर करीब 3.60 करोड़ रुपये हड़पने, कंपनी कार्यालय में घुसकर अधिकारियों व कर्मियों को बंधक बनाकर पीटने व फर्जीवाड़े के साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाया है। स्थानीय पुलिस के सुनवाई नहीं करने पर पीड़ित ने कोर्ट में गुहार लगाई थी।
इंस्पेक्टर नितीश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, बाराबंकी के ग्राम बबुरी निवासी टाइम सिटी कोआपरेटिव हाउसिंग के निदेशक संतोष कुमार सिंह ने प्रार्थना-पत्र दिया। बताया वह टाइम सिटी ग्रुप की कई कंपनियों के निदेशक हैं। बताया कंपनी के सभी अधिकारियों के बराबर शेयर हैं। वर्ष 2010 से 17 तक गाजीपुर क्षेत्र के रवींद्रपल्ली निवासी सीपी शुक्ला पूर्व डायरेक्टर ने सभी कंपनियों से इस्तीफा दे दिया था।
इसके बाद भी सीपी शुक्ला ने जालसाजी कर एक नजदीकी के नाम कंपनी की करोड़ों की जमीन रजिस्ट्री करा दी। इसके साथ ही कंपनी के कई प्रोजेक्ट के कागजात में जालसाजी कर अपने परिवार के सदस्यों व अन्य के साथ मिलकर करीब 1.40 करोड़ हड़प लिये। यह रुपये ग्राहकों के थे जो कंपनियों के बैंक खातों में जमा किये जाने थे। इसके साथ ही कंपनी के बैंक खाते से भी लगभग 1.57 करोड़ रुपये निकाल लिये।
संतोष का यह भी आरोप है कि सीपी शुक्ला ने साजिशन अपने भाई को कंपनी में सीईओ नियुक्त किया। इसके साथ ही कंपनी के करीब 74 लाख रुपये निजी रूप से खर्च कर डाले। वर्ष 2017 में चुनाव लड़ने के नाम पर भी कंपनी के करोड़ों रुपये खर्च किये। वर्ष 2022 में सीपी शुक्ला ने पुनः चुनाव लड़ने के लिए कम्पनी से करोड़ों रुपये की मांग की। वर्तमान चेयरमैन के असमर्थता जताने पर गाली-गलौज कर धमकी दी।
इसके साथ ही टाइम सिटी ग्रुप पर कब्जा करने की नीयत से 14 अक्टूबर 2022 में करीब 20-25 लोग असलहाें से लैस होकर कंपनी कार्यालय में घुसे और विभिन्न कंपनियों के निदेशकों व कर्मियों को बंधक बनाकर रकम की धोखाधड़ी से संबंधित साक्ष्य मिटा दिये। इसके बाद में आरोपी कंपनी की कई चार पहिया गाड़ियां भी उठा ले गये।
संतोष ने बताया स्थानीय पुलिस व महकमे के आला अफसरों के सुनवाई नहीं करने पर कोर्ट में न्याय की गुहार लगाई थी। इंस्पेक्टर ने बताया कोर्ट के आदेश पर सीपी शुक्ला समेत 16 नामजद और 15 अज्ञात समेत 31 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। बताया जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: तिहरे हत्याकांड के आरोपी लल्लन की 33 करोड़ की संपत्ति होगी कुर्क
