MJPRU: रैगिंग रोकने के लिए बाहरी छात्रों की भी होगी निगरानी
बरेली, अमृत विचार। विश्वविद्यालय में रैगिंग रोकने के लिए एंटी रैगिंग सेल को उच्चीकृत किया जाएगा। छात्रावास में रहने वाले छात्रों के अलावा बाहर निजी छात्रावासों में रहने वाले छात्रों की भी निगरानी की जाएगी।
छात्रावासों में जूनियर शिक्षक रात में रुकने के साथ छात्रों से समन्वय स्थापित करेंगे। यूजीसी के नए दिशा-निर्देशों का भी पालन किया जाएगा। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के समिति कक्ष में कुलपति प्रो. केपी सिंह की अध्यक्षता में इसका निर्णय लिया गया।
कुलपति ने बैठक में लिए गए निर्णयों को महाविद्यालयों में भी पालन कराने के निर्देश दिए हैं। एंटी रैगिंग कमेटी के समन्वयक डॉ. सौरभ वर्मा ने रैगिंग पर रोक लगाने के लिए यूजीसी के नए दिशा-निर्देशों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एंटी रैगिंग के संबंध में छात्र-छात्राओं में जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा और प्रशासन का भी सहयोग लिया जाएगा।
इसके अलावा सेक्टर के अनुसार एंटी रैगिंग स्क्वॉड का गठन करने, विश्वविद्यालय अनुशासन समिति के समन्वय से नॉन कैंपस स्टूडेंट कमेटी और आउट साइड कैंपस मॉनिटरिंग सेल भी बनाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा एंटी रैगिंग दिवस और सप्ताह मनाया जाएगा। बैठक में बताया गया कि छात्रावास में रहने वाले छात्रों से रैगिंग न करने की अंडरटेकिंग ली जाती है लेकिन अब छात्रावास से बाहर निजी छात्रावास, पेइंग गेस्ट या किराये पर कमरा लेने वाले छात्रों से भी अंडरटेकिंग ली जाएगी।
छात्रों के परिजनों की भी अंडरटेकिंग ली जाएगी, इसमें छात्र परिजनों के नंबर या अन्य जानकारी गलत तो नहीं लिख रहे हैं, इसे भी सत्यापित किया जाएगा। एंटी रैगिंग स्क्वॉड को सीयूजी नंबर दिए जाएंगे। इसके अलावा एंटी रैगिंग कमेटी के नंबर, यूपी 112, स्थानीय पुलिस अधिकारियों और थाने के नंबर भी विभागों, छात्रावासों और विश्वविद्यालय परिसर में जगह-जगह प्रदर्शित किए जाएंगे।
एंटी रैगिंग स्क्वॉड समय-समय पर रैगिंग संभावित स्थानों पर छापेमारी करेगा। छात्र के प्रवेश के दौरान उसके माइग्रेशन और चरित्र प्रमाण पत्र पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। बैठक में एंटी रैगिंग कमेटी के उपाध्यक्ष एवं डीएसडब्ल्यू प्रो. पीबी सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राजीव शुक्ला, चीफ प्रॉक्टर प्रो. एके सिंह, प्रो. आलोक श्रीवास्तव, डॉ. नीरज कुमार, उप कुलसचिव सुनीता यादव, विशेष कुमार आदि मौजूद रहे।
ये भी पढे़ं- Bareilly News: लंबे समय बाद अफसरों ने फिर शुरू की शहर में मेट्रो दौड़ाने की तैयारी, कमिश्नर की अध्यक्षता में हुई बैठक
