हल्द्वानी: ट्रक की छत पर बैठा था युवक, चालक ने मारे ब्रेक तो...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। ट्रक की छत पर बैठना एक युवक की जान का सबब बन गया। जीजा के साथ कबाड़ खरीद कर मुरादाबाद जा रहा साला ट्रक की छत पर बैठा था। अचानक ब्रेक लगने से वह ट्रक की छत से सड़क पर गया और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मंगलवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

जाहिदपुर देवीपुरा मुरादाबाद उत्तर प्रदेश निवासी अरमान (18 वर्ष) पुत्र रिहासत अपने जीजा फरमान के साथ मुरादाबाद स्थित भोजपुर पीपड़ में कबाड़ का काम करता था। अरमान के चाचा फिरासत ने बताया कि दोनों कबाड़ खरीदने हल्द्वानी आये थे। सोमवार को कबाड़ खरीद कर उसे ट्रक पर लोड किया और मुरादाबाद के लिए निकल पड़े।

रात करीब डेढ़ बजे कालाढूंगी इलाके में अचानक चालक ने ब्रेक लगा दिए और छत पर बैठा अरमान सड़क पर जा गिरा। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एसटीएच पहुंचाया, यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मृतक के चाचा फिरासत ने बताया कि युवक चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसका सबसे बड़ा भाई दिव्यांग है। 

संबंधित समाचार