Kanpur News: सबस्टेशनों में दो गैंग, फिर भी घंटों में बनते फॉल्ट...अब बिजली व्यवस्था गड़बड़ाने पर तत्काल पहुंचेगी गैंग
एक गैंग में शामिल है तीन सदस्य, 94 हैं सबस्टेशन
कानपुर, अमृत विचार। भीषण गर्मी में लोगों को दिन और रात दोनों समय बिजली का सितम झेलना पड़ रहा है। गुल हुई बिजली आने में चार से पांच घंटे या इससे भी अधिक समय लग रहा है। ऐसा तब है जब केस्को अपने 60 फीसदी सबस्टेशनों में दो गैंग होने का दावा कर रहा है। गैंग में शामिल कुछ लाइनमैन समय पर फॉल्ट न ढूंढ़ पा रहे हैं और न ही उनको निर्धारित समय पर बना पा रहे हैं, जिस कारण लोगों को बिजली संकट से जूझना पड़ रहा है।
सोमवार रात को ट्रांसफार्मर में खराबी आने के कारण दबौली, गुजैनी व तात्या टोपे नगर में बिजली गुल रही। इसके अलावा बारादेवी क्षेत्र, अशोक नगर व गंगागंज समेत आधा दर्जन क्षेत्रों में बिजली संकट रहा। मंगलवार को दर्शनपुरवा, गुमटी, जरौली, श्याम नगर, जरीब चौकी, पीरोड, रविंद्र नगर, यशोदा नगर, आंबेडकरपुरम, आवास-विकास तीन, बर्रा चार, हितकारी नगर समेत करीब 58 क्षेत्रों में दिनभर बिजली की समस्या रही।
बिजली न आने की वजह से लाखों लोगों को भीषण गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा। सीसामऊ मार्केट, सैनिक नगर, पोखरपुर, परदेमनपुर, गोपाल नगर, यूनाइटेड नगर, केशव वाटिका, पराग डेयरी-यू ब्लॉक, कृष्णा विहार व महाबालीपुरम में सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली नहीं रही।
समय पर फाल्ट न बनाने पर होगी कार्रवाई
केस्को मीडिया प्रभारी श्रीकांत के मुताबिक शहर में 94 सबस्टेशन हैं, इन सभी सबस्टेशनों में गैंग तैनात है। 60 फीसदी सबस्टेशनों में तो दो गैंग हैं। एक गैंग में तीन सदस्य हैं एक लाइनमैन व दो हेल्पर। सभी गैंग के सदस्यों व सबस्टेशन के प्रभारियों को जल्द से जल्द फॉल्ट ढूंढ़कर उन्हें निर्धारित समय में दुरस्त करने के निर्देश दिए गए हैं, जो भी निर्धारित समय पर समस्या का समाधान नहीं करेगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी।
बताया कि ट्रांसफार्मर का एचटी फ्यूज क्षतिग्रस्त होने से दादा नगर के ईस्ट फीडर की आपूर्ति व स्विच वायरिंग जल जाने से चकेरी मोड फीडर की आपूर्ति कुछ देर के लिए प्रभावित हो गई थी। कार्य पूरा होने के बाद सप्लाई चालू की गई।
