बहराइच: 470 रूपये को लेकर किसान की पीट-पीटकर हत्या, जांच कर रही पुलिस
हरदी, बहराइच, अमृत विचार। जिले के जोत चांदपारा गांव निवासी किसान को बकाया रूपया के लिए दुकानदार ने घर से बुलवाया। इसके बाद कहासुनी के दौरान लाठी डंडे और अन्य वस्तु से हमला कर दिया। इसके बाद गला दबा दिया। जिससे किसान की जिला अस्पताल में मौत हो गई। घटना की जानकारी से गांव में तनाव फैल गया। सीओ और थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंच कर जांच की है।
हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जोत चांदपारा गांव निवासी पांचू उर्फ इब्राहीम (65) दौलत किसान थे। वह महाराजगंज बाजार में स्थित तेल व्यापारी लल्लू और भाई कल्लू की दुकान पर समान की खरीददारी करते थे। सामान की खरीददारी का 470 रूपये किसान बकाया था। इसको लेकर बुधवार सुबह दोनों ने किसान के घर एक व्यक्ति को भेजकर बकाया रूपये दुकान पर आकर देने की बात कही। जिस पर दोपहर में पांचू किराने की दुकान पर पहुंचा। इसी दौरान रूपये के लेनदेन को लेकर किसान और दुकानदार में विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान ही दुकानदार और अन्य ने लाठी डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद गला दबा दिया। किसान को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां इलाज शुरू होते ही मौत हो गई। इससे हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ अनिल कुमार सिंह और थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सभी ने मामले की जांच की। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस बात पर बढ़ा विवाद
मृतक वृद्ध किसान की बेटी शबनम और दामाद ने बताया दुकानदार कल्लू तेल बिक्री करने का काम करते थे। तेल खराब होने पर पिता ने पैसे कम देने की बात कही। इसी बात पर दोनों दुकानदार नाराज हो गए। पहले पिटाई की। इसके बाद गला दबा दी।
ये भी पढ़ें -ग्रीष्मकालीन अवकाश 30 जून तक बढ़ाने की मांग, शिक्षक संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री को भेजा मांगपत्र
