बाराबंकी : प्रधानों व सचिवों की बैठक में हंगामे का वीडियो वायरल, गाली गलौज और हाथापाई तक की आई नौबत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। सूरतगंज ब्लॉक में तैनात एडीओ पंचायत की भ्रष्ट कार्य शैली के चलते ग्राम प्रधानों की बुलाई गई बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। बैठक में हुए बवाल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल जिले के सूरतगंज ब्लाक में जिला पंचायत राज अधिकारी नितेश भोंडेले बाराबंकी के द्वारा बीते मंगलवार को स्वच्छ भारत मिश ग्रामीण व जल जीवन मिशन के अंतर्गत बनी संपत्तियों के रखरखाव एवं संचालन हेतु ग्राम प्रधानों व पंचायत सचिवों की संयुक्त बैठक ब्लॉक परिसर में बुलाई गई थी।

जानकारी के मुताबिक बैठक के दौरान इब्राहिमपुर ग्राम प्रधान उमेश मिश्रा के पुत्र अतुल मिश्रा ने एडीओ पंचायत पर कार्यों का भुगतान करने में पक्षपात का आरोप लगाया। प्रधान पुत्र ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों का भुगतान रोका जा रहा है, जबकि विपक्षियों का सारा भुगतान हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी होने के नाते जिला पंचायत राज अधिकारी से मामले की जांच कराए जाने का मांग की। प्रधान पुत्र का आरोप है कि डीपीआरओ बैठक में एडीओ पंचायत के पक्ष में उतर आए। जिससे मामला बिगड़ गया। बैठक में मौजूद लोगों के मुताबिक गाली गलौज और हाथापाई तक की नौबत आ गई।

वहीं स्थिति बिगड़ते देख जिला पंचायत राज अधिकारी सभागार से बाहर निकले और चले गए। वहीं इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि अमृत विचार इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं कर रहा। प्रधान पुत्र ने आरोप लगाया कि सूरतगंज ब्लाक में तैनात एडीओ पंचायत के इस रवैसे से कई ग्राम प्रधान परेशान हैं। वहीं बैठक के दौरान हुए बवाल के संबंध में पूछे जाने पर खंड विकास अधिकारी सूरतगंज ने बताया कि वह फील्ड में गए हुए थे। बैठक के संदर्भ में मुझे कोई जानकारी नहीं दी गई थी। इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी पंचायत ने पूछे जाने पर दूरभाष पर बताया कि जो होना था हो गया अब क्या बताएं।

डीपीआरओ नितेश भोंडेले का कहना है कि प्रधान और उनके पुत्र के सारे आरोप निराधार हैं। सचिव के साथ प्रधान और उनके पुत्र का विवाद है। वर्तमान में इनकी ग्राम पंचायतों में एसबीएम का काफी पैसा पड़ा है। जिसे इन्होंने आपसी सामंजस्य न होने के चलते खर्च नहीं किया है। इसका कारण जब इनसे पूछा गया, तो यह उल्टा पूछने लगे कि इसमें हमारे लिये क्या होगा। बेठक में प्रधान पुत्र सचिव के कुछ कागज जबरन छीनने लगे। जिसपर एडीओ पंचायत ने इन्हें रोका तो वह उनसे बहस करने लगे।

सुलतानपुर: व्यापारी से छिनौती के चार दोषियों को 2 साल की सजा

 

संबंधित समाचार