मुरादाबाद : रास्ते से बाइक हटाने के विवाद में हुई थी युवक की हत्या, पिता-पुत्र गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 आरोपी के पिता ने हर्ष के पेट में मारी गोली, मृतक के दोस्त पर तलवार से किया वार, हिंदू कॉलेज में बीए का था छात्र, चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था मृतक

मुरादाबाद,अमृत विचार। पुरानी रंजिश में बुधवार रात रास्ते में खड़ी बाइक हटाने को लेकर हुए विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली लगने से हर्ष उर्फ सिद्दू (19) की मौत हो गई थी। जबकि, धारदार हथियार लगने से साथी घायल हो गया था। मृतक हर्ष के पिता ने कटघर थाने में लक्षित और उसके पिता राजेश रस्तोगी को नामजद किया है। पुलिस ने इन आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।

कटघर थाना क्षेत्र में हुई घटना बुधवार देर रात की है। मृतक हर्ष वाल्मीकि के पिता गुड्डू ने बताया कि उनका बेटा बस्ती के ही अपने दोस्त सुमित वाल्मीकि, ध्रुव वाल्मीकि और आदर्श नगर पंजाबी कालोनी के अस्मित व मनी के साथ महबुल्लागंज में दोस्त की बर्थ-डे पार्टी में गया था। ये सभी दोस्त पार्टी खत्म होने पर रात 10.30 बजे कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में जोशियान मुहल्ले में गली में कुछ बाइकें खड़ी थीं। कार नहीं निकल पा रही थी। हर्ष और सुमित नीचे उतरकर बाइक हटाने लगे।

गुड्डू का आरोप है कि मार्ग से बाइकों के हटाने के समय ही जोशियान मोहल्ला निवासी लक्षित रस्तोगी आ गया और हर्ष से गाली-गलौज करने लगा। सुमित से भी कहासुनी हुई। शोर सुनकर लक्षित का पिता राजेश रस्तोगी भी आ गया। पिता-पुत्र ने हर्ष और सुमित को जाति सूचक गाली दी। विरोध करने पर लक्षित घर गया और तमंचा लाकर हर्ष के पेट में गोली मार दी। हर्ष वहीं गिर गया।

आरोप है कि एक फायर उसके पिता ने भी किया। फिर सुमित के सीने पर तमंचा तान दिया और गोली दाग दी, गनीमत रही कि वह बाल-बाल बच गया। कहा जा रहा है कि आराेपी पिता-पुत्र ने सुमित पर तलवार से हमला कर दिया। इसमें वह घायल हो गया। सुमित मौके से भाग निकला और सीधे हर्ष के घर जाकर सूचना दी थी। अन्य दोस्त पहले ही भाग गए थे। उधर, हर्ष और सुमित के परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे थे, हर्ष ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद हर्ष के परिजन कटघर थाने पर पहुंच थे।

एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि आरोपी लक्षित और उसके पिता राजेश रस्तोगी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। दोनों को गिरफ्तार कर उनके पास से हत्या में प्रयोग हुआ तमंचा भी बरामद हो गया है। एसपी सिटी ने बताया कि दो माह पहले भी हर्ष उर्फ सिद्दू का लक्षित से विवाद हुआ था। मृतक संभल चौराहा के पास स्थित आदर्शनगर ईदगाह रोड वाल्मीकि बस्ती का रहने वाला है। वह हिंदू कॉलेज में बीए का छात्र था। मृतक के भाई तुषार ने बताया कि उसका भाई हर्ष चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। मां की पहले ही मौत हो चुकी है।

हंगामा करते थाने पहुंचे थे परिजन
घटना के बाद रात में ही हर्ष के घर भीड़ जुट गई थी। लोग हंगामा करते हुए थाने भी गए थे और आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सूचना पाकर एसएसपी हेमराज मीना और एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया भी रात में ही कटघर थाने पर पहुंचे थे। परिजनों को समझा कर मामला शांत कराया था। पोस्टमार्टम हाउस पर भी काफी लोग मौजूद रहे।

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद: बर्थडे पार्टी से दोस्त के साथ लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस 

संबंधित समाचार