अजनारा बिल्डर के चार निदेशकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पढ़िए क्या है पूरा मामला
गौतमबुद्धनगर, अमृत विचार। नोएडा में एक दुकानदार ने अजनारा बिल्डर के चार निदेशकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, दुकानदार ने कासना थाना में दर्ज कराई अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि बिल्डर ने उससे पेंट, पुट्टी आदि उधार मंगवाए और उसका भुगतान नहीं किया।
कासना थाने के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि दुकानदार प्रिंस जैन ने बृहस्पतिवार रात थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने आरोप लगाया कि अजनारा ग्रुप के निदेशक अशोक कुमार गुप्ता, विनोद कुमार गुप्ता, प्रमोद कुमार गुप्ता तथा विनीत गुप्ता ने उन्हें सेक्टर 63 स्थित अपने ऑफिस में बुलाया और अपनी परियोजना में उनसे पेंट और पुट्टी की आपूर्ति का सौदा तय किया। प्रिंस जैन की राज इंटरप्राइजेज नाम से पेंट-पुट्टी की दुकान है। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने माल की एवज में उनके 18.40 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया। अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें -Prayagraj murder: पुरानी रंजिश में युवक को मारी तीन गोली, मौत
