Barabanki: कार्यालय से गायब अफसर, खाली कुर्सियां खा रही हवा, गर्मी में यहां-वहां दाैड़ रहे फरियादी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

हरख ब्लॉक में अव्यवस्था पैर फैलाए हुए है। कार्यालय का मुख्य गेट टूटा हुआ है। साफ-सफाई को देखने वाला भी कोई नहीं है। इसके अलावा बेंच भी टूटी हुई है। वहीं फरियादियों के लिए  इतनी गर्मी में पेयजल की व्यवस्था भी नहीं है। 

सतरिख/बाराबंकी, अमृत विचारः फरियादी ब्लॉक में टहल रहे और ब्लॉक के अफसरों का इंतजार कर रहे है, लेकिन अफसरों का ब्लॉक पर पहुंचने का कोई समय निर्धारित नहीं है। इस भीषण गर्मी में फरियादी अपने काम के लिए चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन इनकी सुनने वाला कोई नहीं है। इतना ही नहीं ब्लाॅक में सुविधाओ का भी टोटा बना हुआ है।

खाली पड़ी कार्यालय की कुर्सी
जिला मुख्यलाय से महज 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थिति विकास खंड कार्यालय हरख में अमृत विचार की टीम ने सुबह 10:25 बजे पहुंच कर जायजा लिया। कुछ फरियादी ब्लाॅक परिसर में अपने काम के लिए टहलते हुए दिखे, लेकिन बीडीओ का कमरा खाली पड़ा था। यहीं हाल बीडीओ कार्यालय में भी रहा। यहां तैनात बाबुओं की कुर्सी खाली पड़ी थी। इसके अलावा सहायक विकास अधिकारी पंचायत का कमरा भी खाली पड़ा हुआ है।

block1 (1)

अमृत विचार की टीम ने जब कार्यालय पहुंचकर हाल जाना तो वह बहुत ही दयनीय दिखा। जहां एक सफाईकर्मी कुर्सी पर बैठ कर बाबूगिरी का काम निपटा रहा था। इतना ही नहीं बीडीओ और बाकी स्टाफ के बारे में जानकारी करने पर कार्यालय में मौजूद सफाईकर्मी अमृत विचार संवाददाता से कहासुनी करनी शुरू कर दी। बता दें यह वहीं सफाई कर्मी हैं, जो कभी भी गांव नहीं जाते और अधिकारियों की शह पर लगातार ब्लॉक कार्यालय पर ही बने रहते हैं। इतना ही नहीं ब्लॉक कार्यालय पर आने वाले फरियादियों के काम कराने को लेकर यही सफाईकर्मी दिनभर तय तोड़ में भी लगे रहते हैं।

when

वहीं दूसरी तरफ अमृत विचार की पड़ताल के दौरान ब्लाॅक परिसर में जगह जगह गंदगी फैली दिखी और जगह जगह कूड़े के ढेर लगे हुए मिले। कूड़े को ब्लॉक परिसर में जलाया भी जाता है। परिसर में ही बने शहीद स्मारक पार्तक में बड़ी बड़ी झाड़ियां उगी हैं। फरियादियों के बैठने के लिए बेंच तक की कोई व्यवस्था नहीं है। ब्लॉक का मुख्य गेट महीनों से टूटा पड़ा है। सीसीटीवी कैमरे भी काफी दिनों से खराब हैं। इस भीषण गर्मी में फरियादी अपने काम के लिए चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन इनकी सुनने वाला कोई नहीं है। हां यदि आप किसी काम से ब्लाॅक आ रहे हैं तो आप अपने पानी साथ पानी लेकर ही आइये, नहीं तो यहां आपकी हलख सूख सकती है। ब्लॉक परिसर में लगा हैंडपंप और वाटर कूलर खराब पड़ा है। ऐसे में आप समझ सकते हैं कि जब यह हाल जब ब्लॉक कार्यालय का ही है, तो 75 ग्राम पंचायतो के साथ 102 गावों का हाल क्या होगा।


हरख ब्लाक की काफी शिकायतें काफी मिल रही हैं। पूरे मामले की जांच की जाएगी। ब्लाक कार्यालय में जो भी कमियां हैं। उनको दूर कराया जाएगा। इसके अलावा सफाईकर्मियों समेत अन्य लापरवाह कर्मियों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
-भूषण कुमार, जिला विकास अधिकारी

संबंधित समाचार