बोर्ड परीक्षा केंद्रों को लेकर कालेजों की जियो टैगिंग 90 प्रतिशत पूरी
अयोध्या, अमृत विचार। बोर्ड परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए जिले के सभी स्कूल-कॉलेजों की जियो टैगिंग शुरू कर दी गई है। इसमें स्कूलों की दूरी, स्कूलों के पास के स्थान समेत अन्य सभी सुविधाओं को कॉलेजों को भरना होगा। चालू माह के दौरान ही कॉलेजों को टैगिंग कार्य पूरा करना होगा।
जिले में 26 राजकीय, 50 अशासकीय, 369 वित्त विहीन माध्यमिक विद्यालयों की जियो टैगिंग होनी है। इसके लिए डीआईओएस ने सभी स्कूल, कॉलेज के प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी कर दिए हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने आगामी बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग का नया शैक्षिक सत्र शुरू होने के बाद से ही जिले में स्कूल-कॉलेजों की जियो टैगिंग का कार्य चल रहा है। अफसरों का कहना है कि जियो टैगिंग का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। जियो टैगिंग के आधार पर ही परीक्षा केंद्रों का निर्धारण कराया जाएगा। सबसे पहले सभी स्कूलों की जियो टैगिंग होगी और फिर केंद्र निर्धारण नीति जारी होगी।
डीआईओएस डॉ राजेश कुमार आर्य ने बताया कि जियो टैगिंग का बोर्ड परीक्षा केंद्र निर्धारण से लेकर विभागीय कामकाज में भी प्रयोग होता है। इसीलिए जियो टैगिंग अब अनिवार्य कर दी गई है। दावा किया है कि जिले में 10 फीसदी ही कॉलेजों की जियो टैगिंग शेष है, बाकी 90 फीसदी कॉलेजों की जियो टैगिंग का कार्य पूरा हो चुका है। हालांकि इस बार दागी कालेजों की भी जियो टैगिंग की जा रही है।
ये भी पढ़ें -बहराइच: पंडित दीनदयाल उपाध्याय और सरस्वती नगर की सभी सड़कों का बिछेगा जाल
