लखनऊ: 72 घंटे में प्री-मानसून का अनुमान, गर्मी से मिलेगी राहत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। मौसम विभाग ने 72 घंटे में प्री-मानसून आने का अनुमान जताया है। बारिश की पहली फुहारों के साथ गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 44.1 और न्यूनतम 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को तापमान 45.3 डिग्री था।

आंचलिक अनुसंधान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एम दानिश के मुताबिक, प्री मानसून 72 घण्टे के बाद आने की संभावना है। दिन में 35 किमी प्रतिघण्टा की रफ्तार से गर्म हवा चली। उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों तक रात में गर्म हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी। जिससे रात में आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, बाराबंकी, उन्नाव, रायबरेली, कानपुर नगर, कानपुर देहात में रात के तापमान में वृद्धि हो सकती है।

यहां चलेगी भीषण ऊष्ण लहर

मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, रात में चल रही गर्म हवाओं के साथ दिन में भीषण लू चलने की संभावना है। लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, हरदोई, फरुर्खाबाद, कन्नौज, उन्नाव, बाराबंकी, अयोध्या, पीलीभीत, बरेली, रामपुर आदि हैं।

इन जनपदों में मौसम विभाग का रेड अलर्ट

बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संतकबीरनगर, जौनपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, मथुरा और आगरा में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

नम हवाओं के प्रभाव से बारिश के आसार

मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, पूर्वी तराई क्षेत्र में बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम पुरवा हवाओं के प्रभाव से बादल छाने के साथ बारिश के आसार हैं। शनिवार को कानपुर देहात का सबसे अधिक तापमान 46.3 डिग्री रहा। वाराणसी 46, प्रयागराज 46, हमीरपुर 46.2 और झांसी 46.1, आगरा 45.5 और खीरी में 43 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें: लखनऊ: नैनीताल बैंक बेचने के विरोध में हड़ताल, अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

संबंधित समाचार