Bareilly News: 18 से अभियान चलाकर छुट्टा पशुओं को करें संरक्षित- धर्मपाल सिंह
पशुधन मंत्री ने सर्किट हाउस में एसएसपी, सीबीओ समेत अन्य अफसरों के साथ की बैठक
बरेली, अमृत विचार। पशुधन मंत्री ने शनिवार को कहा कि चरागाह की जमीन पर अगर किसी का कब्जा है तो उसे मुक्त कराकर उस पर हरा चारा उगाएं। दूध निकालने के बाद पशुपालक पशुओं को खुला छोड़ें। पशुओं की ईयर टैगिंग कर रजिस्टर भी तैयार किया जाए। मंत्री ने यह निर्देश सर्किट हाउस में बैठक के दौरान अफसरों को दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शहर हो या ग्रामीण क्षेत्र, सांड़ हर जगह हमलावर हो रहे हैं। इन्हें पकड़कर संरक्षित किया जाए। पशुपालकों को पशुओं की नस्ल में सुधार करने के लिए सीमन फ्री दिया जाए, जिससे ज्यादा दूध देने वाली बछियों का जन्म हो सके। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बैठक में बताया कि 13 गोशालाओं में से 10 का निर्माण पूरा हो चुका है। सात हैंडओवर हो चुकी हैं।
मंत्री ने निर्देश दिए कि 18 से 30 जून तक अभियान चलाकर छुट्टा पशुओं को पकड़कर संरक्षित किया जाए। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से कहा कि एंबुलेंस शहर में एक जगह स्थान चिह्नित कर खड़ी की जाएं, जिससे कहीं पर कोई गोवंश चोटिल हो तो उसका इलाज हो सके। अपर नगर आयुक्त को कान्हा गोशालाओं में और सुधार लाने के निर्देश दिए। एसएसपी सुशील चंद्रभान, अपर नगर आयुक्त सुनील कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए तेजवंत सिंह, डीपीआरओ धर्मेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।
ये भी पढे़ं- नगर निगम: 45 करोड़ की आय बढ़ाने का इंतजाम, कर दाताओं की नहीं फिक्र
