Bareilly News: सबसे संवेदनशील रामनगर ब्लॉक में एक मीटर ऊपर आया जलस्तर, 3 ब्लॉकों में आंशिक गिरावट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

demo image

शिवांग पांडेय, बरेली। कई साल बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब जिले के 15 में से 12 ब्लॉकों में भूजल के स्तर में आंशिक ही सही लेकिन सुधार रिकॉर्ड किया गया है। बहेड़ी, भद्पुरा और रिछा ब्लॉक ही ऐसे हैं जहां जलस्तर और नीचे गया है लेकिन यह गिरावट भी पिछले बरसों की तुलना में कम है। बड़ी राहत की खबर यह है कि जिले के सबसे संवेदनशील ब्लॉक रामनगर के जलस्तर में इस बार सर्वाधिक एक मीटर की वृद्धि रिकॉर्ड की गई है। 

भूगर्भजल विभाग की ओर से जिले के सभी 15 ब्लॉकों में किए गए प्री मानसून सर्वे में यह स्थिति सामने आई है जो अप्रैल और मई में किया गया था। इस सर्वे में हर ब्लॉक में अलग-अलग स्थानों पर विभिन्न उपकरणों और तकनीक के जरिए जलस्तर का आंकलन किया गया। ज्यादातर ब्लॉकों में स्थिति बेहतर पाई गई। भूगर्भ जल विभाग के मुताबिक जलस्तर में सुधार होने की प्रमुख वजह समय पर हुई बारिश को माना जा सकता है। इसके अलावा यह जल प्रबंधन की तकनीकों के भी सही इस्तेमाल की ओर इशारा करता है। 

ताजा सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक क्यारा ब्लॉक में भूगर्भ जल का स्तर 4.82 मीटर पाया गया है जो पिछले साल प्री मानसून सर्वे में 4.99 मीटर था। यह जलस्तर 2021 में रिकॉर्ड किए गए 5.24 मीटर से भी बेहतर है। भुता में पिछले साल पानी की गहराई पांच मीटर थी जो इस साल 4.86 मीटर पाई गई है। 2021 में यहां 5.30 मीटर गहराई पर पानी था। फतेहगंज पश्चिमी ब्लॉक में पिछले साल जलस्तर 6.06 मीटर पर था जो इस साल 5.93 मीटर पर पाया गया। 2021 में यहां 5.71 मीटर की गहराई पर पानी था। 

फरीदपुर ब्लॉक में पिछले साल बारिश से पहले पानी 9.43 मीटर गहराई पर था जो इस साल 8.70 मीटर की गहराई पर पाया गया। 2021 में यहां जलस्तर 9.23 मीटर पर था। आलमपुर जाफराबाद में पिछले साल पानी की गहराई 14.33 मीटर पर थी जो इस साल 14.15 मीटर पर रिकॉर्ड हुई। 2021 में यहां 12.41 मीटर गहराई पर पानी था। नवाबगंज में पानी का स्तर 4.10 मीटर से 3.89 मीटर पर आ गया है। 2021 में जलस्तर 3.93 मीटर था। बहेड़ी का जलस्तर 3.30 मीटर से 3.98 मीटर पर चला गया जो 2021 में 2.49 मीटर पर था। 

भदपुरा में भी 5.05 मीटर से जलस्तर 5.20 मीटर खिसका है जो 2021 में 4.88 मीटर पर था। भोजीपुरा में पिछले साल पानी की गहराई 5.52 मीटर पर थी जो इस साल 4.73 मीटर पर पाई गई है। 2021 में यह 4.17 मीटर पर थी। मझगवां में जलस्तर 9.70 मीटर पर था जो इस साल 8.48 मीटर पर रिकॉर्ड किया गया है। 2021 में यह 8.89 मीटर था। मीरगंज में पानी 7.0 मीटर पर था जो इस साल 6.27 मीटर पर पाया गया। 

2021 में यहां 6.51 मीटर पर पानी था। सबसे संवेदनशील रामनगर ब्लॉक में भी सुधार हुआ है। यहां पिछले साल गहराई 15.06 मीटर थी जो इस साल 14.03 रिकॉर्ड की गई है। रिछा ब्लॉक में पिछले साल 4.54 मीटर गहराई पर पानी था जो इस साल 5.24 मीटर पर पाया गया। 2021 में जलस्तर यहां 4.59 मीटर था। शेरगढ़ ब्लॉक में इस साल पानी की गहराई 5.70 मीटर पर पाई गई जो पिछले साल 6.04 और 2021 में 5.59 मीटर थी। बिथरी के जलस्तर में कोई खास परिवर्तन नहीं हुआ।

ये भी पढे़ं- Bareilly News: साफ मौसम में बेपरवाह ड्राइविंग कोहरे से भी ज्यादा खतरनाक

 

संबंधित समाचार