Unnao: सजा पूरी करने के बाद भी युवक की नहीं हो पा रही वतन वापसी...सऊदी अरब की जेल में बंद, परिजन भटक रहे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में सजा पूरी करने के बाद भी युवक की नहीं हो पा रही वतन वापसी

उन्नाव, अमृत विचार। स‌ऊदी अरब की जेल में बंद उन्नाव के युवक की सजा पूरी के बाद भी वतन वापसी न होने से उसके  परिजन दर-दर भटकने को मजबूर हैं। पत्नी ने इसके लिए कई पत्र भी लिखे लेकिन, अभी तक उसकी वापसी नहीं हो पाई है। गांव के लोगों ने एक बार फिर युवक की वतन वापसी के लिए विदेश मंत्रालय को पत्र भेजा है। साथ ही जिला प्रशासन से भी मदद मांगी है।

बीघापुर तहसील क्षेत्र के बक्सर गांव निवासी राम कुमारी पत्नी दिनेश ने बताया कि उसके पति जनवरी- 2016 में सऊदी अरब नौकरी करने गए थे। एक बार वह छुट्टी पर घर लौटे और दूसरी बार 22 जून-2018  में फिर चले गए थे। उनके मालिक ने करीब 10 माह का वेतन नहीं दिया। 

दिनेश ने इसकी जानकारी पत्नी को फोन पर दी थी। बताया कि मालिक उसे जेल भिजवाने की धमकी देता है। जून-2021 में उसे छुट्टी पर घर आना था। इस पर उसने मालिक से अपना बकाया मांगा। 13 जून-2021 को मालिक ने उस पर डंडे से वार किया तो दिनेश ने अपना बचाव किया। इसमें उसके मालिक को चोट लग गई। मालिक की शिकायत पर सऊदी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहां दिनेश को 18 माह की सजा सुनाई गई। 

सजा पूरी होने बाद भी अभी तक दिनेश की वापसी नहीं हो सकी और न ही परिजनों का उससे कोई संपर्क हो पाया। उसकी वापसी के लिए परिजनों ने केंद्र सरकार व विदेश मंत्रालय को पत्र भेजकर इसकी जानकारी भी दी लेकिन, अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। महिला की मदद के लिए सभ्रांत लोग आगे आए और गांव के सतीश वर्मा, ज्ञानेंद्र बहादुर सिंह, मनीष व अरुण सिंह आदि ने प्रशासन से इसके लिये गुहार लगाई है।

ये भी पढ़ें- Unnao News: जंगली सियार ने आधा दर्जन किसानों पर हमला बोलकर किया घायल...घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत

संबंधित समाचार