मथुरा: दुष्कर्म के आरोपी के एनकाउंटर की होगी मजिस्ट्रियल जांच, डीएम ने गठित की कमेटी

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

मथुरा। 31 मई की सुबह जिला अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर फरार हुए दुष्कर्म और लूट के आरोपी मनोज के एनकाउंटर की मजिस्ट्रियल जांच होगी, इसके लिए डीएम ने कमेटी गठित कर एसडीएम छाता को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं अब 24 जून को कोई भी गवाह साक्ष्य और गवाही पेश कर सकता है। 

दरअसल, महिलाओं से दुष्कर्म और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर मनोज उर्फ उत्तम को 30 मई की देर रात महावन और शेरगढ़ थाना पुलिस ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर घेराबंदी करके जगदीशपुर अंडरपास से मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों पैरों में गोली लगने से बदमाश मनोज घायल हो गया था। जिसे पुलिस ने रात में ही इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उसे इमरजेंसी वार्ड के बेड नंबर 12 पर रखा गया था। 

इसकी जानकारी होने पर 31 मई की सुबह आरोपी मनोज की मां भी अस्पताल पहुंच गई। इस बीच पुलिसकर्मी मनोज को शौच कराने के लिए लेकर गए। लेकिन हेड कांस्टेबल आनंद प्रताप और नेपाल सिंह लापरवाही दिखाते हुए मनोज को शौचालय में छोड़कर वॉर्ड में मौजूद कुर्सी पर जाकर बैठ गए। तभी शातिर मनोज फरार हो गया। जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। 

वहीं महावन थाने के एसओ ने शहर कोतवाली में फरार मनोज के साथ ही हेड कांस्टेबल आनंद प्रताप और नेपाल सिंह पर मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने एसपी देहात त्रिगुण बिसेन के नेतृत्व में तीन टीमें उसकी गिरफ्तारी को लगाई थीं। जबकि आईजी आगरा के स्तर से फरार आरोपी पर 50 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। 

वहीं 31 मई की देर रात पुलिस को मुखबिर से महावन थाना क्षेत्र के दलौता-सेई मार्ग पर फरार मनोज के आने की सूचना मिली। जिस पर महावन और शेरगढ़ थाना पुलिस के साथ ही एसओजी की संयुक्त टीम ने लौहालारी माता देवी मंदिर के पास घेराबंदी की। तभी बाइक से आए फरार अपराधी ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। 

इस दौरान पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे मार गिराया। वहीं आरोपी के एनकाउंटर पर सवाल उठने के बाद जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने इस संबंध में मजिस्ट्रियल जांच के लिए एसडीएम छाता के नेतृत्व में कमेटी गठित कर दी है।

ये भी पढे़ं- मथुरा: 'जिन्होंने सरयू में खून बहाया, उनकी जीत हुई...',अयोध्या में भाजपा की हार पर भावुक हुए साक्षी महाराज    

 

संबंधित समाचार